सहरसा की घटना के विरोध में अररिया के पत्रकारों ने निकाला विरोध मार्च, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते जिला पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष राकेश भगत, अमरेंद्र सिंह, राजीव सिंह सहित सभी पत्रकार | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

अररिया में पत्रकारों ने सहरसा की घटना सहित देश भर में हो रहे हमलों के विरोध में बैठक की. उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा, गरिमा और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार की रक्षा के लिए कड़े कानूनी प्रावधान लागू करने की मांग की. इस संबंध में एसडीओ को ज्ञापन भी सौंपा गया.

विज्ञापन

अररिया : सहरसा में प्रभात खबर के पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों के साथ हो रही बदसलूकी, गालीगलौज और हमले की घटनाओं के विरोध में जिला पत्रकार संघ अररिया के बैनर तले गुरुवार को विरोध मार्च निकाला गया. इससे पहले प्रेस भवन, अररिया में संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी, जिसमें जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया.

विज्ञापन

बैठक में पत्रकारों ने सहरसा सहित अन्य स्थानों पर पत्रकारों के साथ हुई घटनाओं पर विरोध जताते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कानूनी प्रावधान लागू करने की मांग की. जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ मंटू भगत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सहरसा की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठी.

पत्रकारों की सुरक्षा और गरिमा के लिए ठोस व्यवस्था की मांग

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार अपने पेशेवर दायित्वों के निर्वहन के दौरान कई बार दबाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा, गरिमा और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार की रक्षा के लिए ठोस व्यवस्था जरूरी है.

जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि सहरसा में पत्रकार के साथ हुई घटना की जितनी निंदा की जाए, कम है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाये जाएं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए.

संघ के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने भी सहरसा की घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकार और दायरे दोनों की पहचान करनी होगी. उन्होंने नये पत्रकारों को पत्रकारिता की बारीकियों और पेशेवर दायित्वों से अवगत कराने के लिए जिला पत्रकार संघ के बैनर तले कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया.

जनता और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं पत्रकार

प्रभात खबर के ब्यूरो प्रमुख मृगेंद्र मणि सिंह ने कहा कि पत्रकारों के साथ होने वाली किसी भी घटना के विरुद्ध जिला पत्रकार संघ एकजुट है. पत्रकार आम जनता और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं. इसलिए उनकी सुरक्षा, गरिमा और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए उचित व्यवस्था होना जरूरी है.

संघ के उपाध्यक्ष चंदन कुमार लालू ने कहा कि पत्रकारों को शासन-प्रशासन और जनता के बीच रहकर अपना काम करना है. इसके लिए उचित पेशेवर मापदंड जरूरी हैं. प्रशासन के दावों और जमीनी सच्चाई, दोनों पर पत्रकारों की समान दृष्टि होनी चाहिए. किसी एक पहलू को अधिक तवज्जो देने से पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है. उन्होंने कहा कि संतुलित और तथ्यपरक पत्रकारिता से ही पत्रकारिता की गरिमा बनी रहेगी और समाज में पत्रकारों का विश्वास कायम रहेगा.

बैठक में अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारों की सुरक्षा, पेशेवर आचरण, स्वतंत्र पत्रकारिता और पत्रकारिता की गरिमा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन दैनिक जागरण के ज्योतिष झा ने किया.

प्रेस भवन से समाहरणालय तक निकाला विरोध मार्च

बैठक के बाद जिला पत्रकार संघ के बैनर तले पत्रकारों ने शहर में विरोध मार्च निकाला. मार्च प्रेस भवन से काली मंदिर, चांदनी चौक और एसडीओ आवास के रास्ते समाहरणालय पहुंचा. इस दौरान पत्रकारों ने सहरसा की घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.

समाहरणालय पहुंचने के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद सदर एसडीओ अररिया और एडीपीओ अररिया को सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने सहरसा मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में हिंदुस्तान के प्रभारी फुलेंद्र मल्लिक, वरिष्ठ पत्रकार विष्णुदेव झा बेदी, कमर आलम, फिरोज आलम, मो. कलीमुद्दीन, रूपेश कुमार, पंकज झा, डिजिटल मीडिया से जुड़े विकास प्रकाश, राजीव सिंह, शुभम कुमार, जगदीश झा, प्रेम कुमार, जुबेर आलम, जसीमुद्दीन सहित जिले भर से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन