कर्नाटक में मजदूरी करने गए बिहार के मजदूर पर कथित एसिड अटैक, पत्नी ने थाने में लगाई न्याय की गुहार

Updated:
विज्ञापन
फारबिसगंज के मजदूर पर कर्नाटक में एसिड अटैक,गंभीर हालत में लौटा फारबिसगंज,पीड़ित की पत्नी ने थाना में दिया आवेदन

कर्नाटक में कथित एसिड अटैक में घायल मजदूर अपने परिवार के साथ फारबिसगंज थाना पहुंच कर आवेदन दे कर पुलिस प्रशासन से न्याय व मदद का गुहार लगाते

कर्नाटक में मजदूरी करने गए फारबिसगंज के मुन्ना साह पर एसिड अटैक हुआ. पत्नी ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

कर्नाटक में मजदूरी करने गए अररिया जिले के एक मजदूर पर कथित तौर पर एसिड अटैक किए जाने का मामला सामने आया है. गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की पत्नी ने फारबिसगंज थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

25 हजार रुपये मासिक मजदूरी का दिया था झांसा

फारबिसगंज थाना क्षेत्र के किरकिचिया पंचायत के वार्ड संख्या-13 ढोलबज्जा निवासी 42 वर्षीय मुन्ना साह की पत्नी सबिता देवी ने आवेदन में बताया है कि 17 मई 2026 को सुपौल जिले के प्रतापगंज निवासी राजू साह उनके पति को 25 हजार रुपये मासिक मजदूरी का लालच देकर कर्नाटक के कोप्पल जिले के गंगावती ले गया था.

आरोप है कि वहां मुन्ना साह को सोना-चांदी के काम में लगा दिया गया. तय मजदूरी नहीं दी गई और लगातार अधिक काम कराया जाता रहा. मजदूरी मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी.

रुपये मांगने पर एसिड फेंकने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, 26 जून 2026 की सुबह करीब आठ बजे मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर मुन्ना साह और राजू साह के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान राजू साह ने जान से मारने की नीयत से उनके पति पर एसिड फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए.

किसी तरह जान बचाकर मुन्ना साह ट्रेन से अपने घर पहुंचे. एक जुलाई की रात करीब दो बजे वह फारबिसगंज पहुंचे, जहां पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया. हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.

शिकायत करने पर धमकी देने का भी आरोप

सबिता देवी ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब उन्होंने आरोपित से मोबाइल पर बात की तो उसने गाली-गलौज करते हुए थाना में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.

पुलिस ने शुरू की जांच

फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित की पत्नी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन में घटना कर्नाटक में होने की बात कही गई है. मामले की जांच की जा रही है. स्थानीय थाना स्तर पर जो भी कानूनी सहायता संभव होगी, वह पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी.

और पढ़ें : बथनाहा में 18 किलो गांजा जब्त, स्कॉर्पियो के साथ तस्कर गिरफ्तार


विज्ञापन
कलीमउद्दीन

लेखक के बारे में

By कलीमउद्दीन

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन