बहू और उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला, चार घायल

Updated:
विज्ञापन

अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में ईलाजरत गंभीर रूप से घायल दोनों भाई बहन व स्थानीय ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

फारबिसगंज में रक्षाबंधन के मौके पर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. ससुर ने अपनी बहू और उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. बचाव करने आए दो ग्रामीण भी इस हमले में चोटिल हुए हैं.

विज्ञापन

फारबिसगंज (अररिया). फारबिसगंज थाना क्षेत्र के सैफगंज पंचायत के वार्ड संख्या 06 में मंगलवार को पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर पर अपनी बहू और उसके भाई के साथ धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है. घटना में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दो स्थानीय ग्रामीण भी घायल हो गए. सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल भाई-बहन को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

रक्षाबंधन पर बहन को विदा कराने पहुंचा था भाई

गंभीर रूप से घायल भाई-बहन की पहचान पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के फरियानी गांव निवासी शुभम कुमार और प्रिया ठाकुर के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार प्रिया ठाकुर की शादी सैफगंज निवासी जयनारायण ठाकुर के पुत्र विकास ठाकुर से हुई थी. प्रिया के दो बच्चे हैं. करीब दो वर्ष पूर्व उसके पति विकास ठाकुर की मौत हो चुकी है और इसके बाद से वह ससुराल में ही रह रही थी.

बताया गया कि रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर शुभम कुमार अपनी बहन प्रिया ठाकुर को विदा कराने उसके ससुराल पहुंचा था. इसी दौरान प्रिया के ससुर जयनारायण ठाकुर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया.

बीच-बचाव करने पहुंचे दो ग्रामीण भी घायल

स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद जयनारायण ठाकुर ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपनी बहू प्रिया ठाकुर और उसके भाई शुभम कुमार पर हमला कर दिया. मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया. इस दौरान दो स्थानीय ग्रामीण भी घायल हो गए.

घायलों में सैफगंज निवासी विदुर ठाकुर और छोटू ठाकुर शामिल हैं. दोनों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में चल रहा है.

गंभीर हालत में भाई-बहन रेफर

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार और प्रिया ठाकुर की स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया. वहीं विदुर ठाकुर और छोटू ठाकुर का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है.

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

मामले के संबंध में पूछे जाने पर फारबिसगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं आई है. उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होते ही मामले की जांच कर अग्रतर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से देखने की बात कही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन