उत्पाद अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा आज, अररिया में आठ केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी

ब्रीफिंग बैठक में मौजूद अधिकारी
बिहार पुलिस उत्पाद अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा कल अररिया के आठ केंद्रों पर होगी. परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम और दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
अररिया : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की ओर से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में उत्पाद अवर निरीक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार, 12 जुलाई को अररिया जिला मुख्यालय के आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा एक पाली में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक होगी, जबकि अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है.
परीक्षा की तैयारियों की हुई समीक्षा
परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी केंद्राधीक्षकों, प्रेक्षक-सह-स्टैटिक मजिस्ट्रेट, समन्वय प्रेक्षक-सह-जोनल मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
सभी केंद्रों पर रहेगी मूलभूत सुविधाएं
जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, पंखे, शौचालय, बेंच-डेस्क, पर्याप्त वीक्षकों की तैनाती तथा आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था रहेगी.
10:30 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले यानी सुबह 10:30 बजे तक ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. वहीं परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी.
टॉयलेट जाने पर भी होगी सघन जांच
परीक्षा के दौरान यदि कोई अभ्यर्थी शौचालय जाता है तो आने-जाने के दौरान उसकी अनिवार्य रूप से तलाशी ली जाएगी, ताकि प्रश्नपत्र या उत्तर पुस्तिका बाहर नहीं ले जाई जा सके. परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में किसी भी अभ्यर्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं होगी.
फ्रिस्किंग के बाद ही मिलेगा प्रवेश
हर अभ्यर्थी की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले भौतिक जांच की जाएगी. मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पीडीए, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, लिखित सामग्री सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी. महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर की सहायता से करेंगी.
केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू रहेगी. इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए हैं.
वीडियोग्राफी और कंट्रोल रूम की व्यवस्था
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी. प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए जिला कोषागार के वज्रगृह में विशेष व्यवस्था की गई है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समाहरणालय परिसर स्थित जिला उद्योग केंद्र के हॉल में जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है. इसका दूरभाष नंबर 06453-222309 जारी किया गया है. अधिकारियों ने सभी कर्मियों को आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है.
और पढ़ें : बथनाहा में 18 किलो गांजा जब्त, स्कॉर्पियो के साथ तस्कर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










