15 साल से बदहाल जैन धर्मशाला-चांदनी चौक सड़क, मरम्मत की मांग लेकर डीएम के पास पहुंचे लोग
जर्जर सड़क के बीच भारी जलजमाव
अररिया में जैन धर्मशाला से चांदनी चौक तक की जर्जर सड़क और जलजमाव से परेशान लोगों ने डीएम से तत्काल मरम्मत की मांग की है। जानें पूरी खबर।
अररिया शहर की जैन धर्मशाला से चांदनी चौक तक जाने वाली स्टेशन रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है. मंगलवार को दर्जनों लोगों ने आवेदन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की.
आपके शहर में
15 वर्षों से जर्जर है सड़क
आवेदन में बताया गया है कि यह सड़क पिछले करीब 15 वर्षों से जर्जर स्थिति में है. हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क पर जलजमाव हो जाता है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है. इससे पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों, बाइक सवारों और मरीजों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है. साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
एनएच-27 और एनएच-327ई को जोड़ता है महत्वपूर्ण मार्ग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन आते-जाते हैं. यह सड़क आगे चलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 और राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई से भी जुड़ती है. इसके बावजूद वर्षों से इसकी अनदेखी की जा रही है.
जलनिकासी की भी उठी मांग
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण के साथ-साथ समुचित जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि हर बारिश में होने वाले जलजमाव से स्थायी राहत मिल सके.
आवेदन देने वालों में अखलाक अहमद, नसीम जमाल, जीशान अहमद, जाहिद आलम, मेहताब आलम, आसिफ रेजा, खुर्शीद आलम, नवी हसन, खालिद अख्तर, तनवीर आलम, अखिलेश कुमार, सूरज भगत, धुराव कुमार, सानू कुमार समेत कई स्थानीय लोग शामिल थे.
प्रमुख बातें
- जैन धर्मशाला से चांदनी चौक तक की सड़क 15 वर्षों से जर्जर.
- जलजमाव और गड्ढों से लोगों का आवागमन प्रभावित.
- सड़क एनएच-27 और एनएच-327ई को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग.
- स्थानीय लोगों ने डीएम को आवेदन देकर मरम्मत की मांग की.
- सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए