डीजे वाहन से कुचलकर युवक की मौत मामले में चालक पर प्राथमिकी दर्ज, तलाश जारी

Updated:
विज्ञापन
डीजे वाहन से कुचलकर युवक की मौत मामले में चालक पर प्राथमिकी दर्ज, तलाश जारी

विलाप करते परिजन.

फारबिसगंज में शादी समारोह के दौरान डीजे वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

विज्ञापन

फारबिसगंज (अररिया). शहर के गोढ़ियारे चौक वार्ड संख्या-19 में बुधवार रात शादी समारोह के दौरान डीजे वाहन से कुचलकर एक युवक की मौत और आधा दर्जन लोगों के घायल होने के मामले में फारबिसगंज थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

मृतक मिठ्ठू कुमार राय की मां संजुला देवी, पति अनिल राय, निवासी गोढ़ियारे वार्ड-19 के आवेदन पर पुलिस ने डीजे वाहन चालक सुनील कुमार मंडल, पिता जीवछ मंडल, निवासी भागकोहेलिया वार्ड-6 को नामजद आरोपित बनाया है.

गाना बजाने को लेकर विवाद के बाद हुआ हादसा

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बुधवार को वार्ड-19 निवासी राज कुमार राय की पुत्री की शादी थी. बारात सुपौल जिले के सिमराही राघोपुर से आई थी. बारात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर बाराती और सराती के बीच विवाद हो गया.

आरोप है कि इसी दौरान डीजे वाहन चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चला दिया, जिससे मिठ्ठू कुमार, सुशांत कुमार राय, सुमन सागर सहित करीब आधा दर्जन लोग वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए.

नेपाल के अस्पताल में हुई युवक की मौत

परिजनों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल मिठ्ठू कुमार को पहले अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे नेपाल के विराटनगर स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी डीजे वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के तीसरे दिन भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. मामले की जांच जारी है.


विज्ञापन
कलीमउद्दीन

लेखक के बारे में

By कलीमउद्दीन

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन