अररिया पुलिस को बड़ी कामयाबी:रानीगंज में रोड डकैती का उद्भेदन, तीन अपराधी गिरफ्तार, अल्टो कार व नगद बरामद

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार डकैतों की जानकारी देते सदर एसडीपीओ व मौजूद रानीगंज पुलिस | Prabhat Khabar Network

अररिया के रानीगंज में मवेशी व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। तीन अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई नकदी और कार बरामद।

विज्ञापन

अररिया. रानीगंज थाना क्षेत्र में पिकअप चालक और मवेशी व्यापारी से हुई रोड लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लूटकांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि पुलिस के अनुसार इस वारदात में कुल पांच अपराधी शामिल थे और दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

लोहे की रॉड से शीशा तोड़कर लूटे थे 77 हजार रुपये

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि छह जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे रानीगंज थाना क्षेत्र के बड़हारा चौक पर बाइक और अल्टो कार (बीआर-38एजे-2747) पर सवार अपराधियों ने एक पिकअप चालक और मवेशी व्यापारी को रोक लिया. इसके बाद लोहे की रॉड से पिकअप का शीशा तोड़कर 77 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए. इस संबंध में सात जुलाई को रानीगंज थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया था.

तीन आरोपित गिरफ्तार, कई सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रानीगंज थाना क्षेत्र के बड़हारा वार्ड संख्या-5 निवासी राहुल कुमार (23), पहुसरा नरकी वार्ड संख्या-4 निवासी शशी कुमार (24) तथा मधुसूदन कुमार (28) के रूप में की है. उनकी निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 5,900 रुपये, घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, एक हीरो डीलक्स बाइक तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

यूपीआई ट्रांजैक्शन बना अहम सुराग

सदर एसडीपीओ ने बताया कि वारदात के दौरान नकदी कम होने पर अपराधियों ने पीड़ित से यूपीआई के माध्यम से भी अपने खाते में राशि ट्रांसफर करवाई थी. यही डिजिटल लेनदेन पुलिस जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ, जिससे आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली.

दो अन्य अपराधियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य दो अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अभियान में रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, एसआई अजय कुमार पासवान, एसआई प्रिया कुमारी, चंदन कुमार, मोहन शर्मा, रवि प्रकाश द्विवेदी सहित रानीगंज थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे.

ALSO READ : गबन मामले में फारबिसगंज नप ईओ की तलाश में छापेमारी, आवास व कार्यालय में नहीं मिले रणधीर लाल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन