हेडलाइन: अररिया पुलिस की साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई, फर्जी फिंगरप्रिंट-आई स्कैनर गैंग के 4 शातिर गिरफ्तार, 2.20 लाख नकद व 58 सिम बरामद
अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध फिंगरप्रिंट और आई-स्कैनर से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 2.20 लाख नकद और 58 सिम कार्ड बरामद हुए हैं.
अररिया. साइबर अपराधियों के खिलाफ अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध फिंगरप्रिंट स्कैनर और आई-स्कैनर के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 2.20 लाख रुपये नकद, चार मॉडिफाइड फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक आई-स्कैनर, पांच मोबाइल फोन, 58 सक्रिय सिम कार्ड, नौ खाली सिम कवर, सात बैंकों के एटीएम कार्ड और एक पासबुक बरामद की है.
शिवपुरी वार्ड-09 के नव-निर्मित भवन में चल रहा था साइबर ठगी का खेल
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति संख्या 475/26 के अनुसार 14 सितंबर 2026 को साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी वार्ड-09 में इंडियन गैस एजेंसी के पीछे स्थित एक नव-निर्मित भवन के फ्लैट में कुछ युवक अवैध तकनीकी उपकरणों के माध्यम से संगठित साइबर अपराध कर रहे हैं.
सूचना मिलने के बाद साइबर थाना की विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही चारों आरोपित भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया.
मॉडिफाइड फिंगरप्रिंट स्कैनर और आई-स्कैनर से करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सुनसान और नव-निर्मित भवनों को ठिकाना बनाकर साइबर अपराध करते थे. कथित तौर पर अवैध तरीके से जुटाए गए डेटा, मॉडिफाइड फिंगरप्रिंट स्कैनर और आई-स्कैनर का इस्तेमाल कर आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (AePS) समेत अन्य माध्यमों से नागरिकों के बैंक खातों से राशि निकालते थे.
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क, इस्तेमाल किए जा रहे डेटा के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
2.20 लाख रुपये और 58 सक्रिय सिम बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2.20 लाख रुपये नकद बरामद किए. सभी नोट 500 रुपये के बताए गए हैं. इसके अलावा चार मॉडिफाइड फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक आई-स्कैनर और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.
पुलिस को 58 सक्रिय सिम कार्ड मिले, जिनमें 49 जियो और नौ एयरटेल के सिम शामिल हैं. इसके साथ ही नौ खाली सिम कवर, सात बैंकों के एटीएम कार्ड और एक पासबुक भी बरामद की गयी है.
चार आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विशाल कुमार (23), निवासी बसैठी, बोसी, मनीष कुमार (20), निवासी अजवा, महलगांव, शशिकांत शर्मा (20), निवासी किशनपुर, अररिया और नौशेर वान आदिल (26), निवासी खलीलाबाद, अररिया के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार चारों आरोपितों के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया है.
बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 121(1), 338, 336(3), 340(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
विशेष टीम ने की छापेमारी
छापेमारी अभियान में पुअनि सरोज कुमार, मनीषा कुमारी समेत साइबर थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस टीम अब बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच के जरिए गिरोह के साइबर नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए