सांसद ने मुख्यमंत्री से स्लॉटर हाउस बंद कराने का किया आग्रह

Updated:
विज्ञापन
अररिया पहुंचे मुख्यमंत्री का सांसद ने मखाना का माला पहना किया स्वागत.

अररिया पहुंचे मुख्यमंत्री का सांसद ने मखाना का माला पहना किया स्वागत.

फारबिसगंज में सहयोग शिविर में अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से सीमांचल के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए. उन्होंने मांस फैक्ट्री बंद कराने, स्टार्च फैक्ट्री फिर से शुरू करने और कजरा बांध निर्माण की मांग की.

विज्ञापन

अररिया. फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर पंचायत में मंगलवार को बिहार सरकार द्वारा आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए. इस दौरान अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री का मखाना की माला पहनाकर स्वागत किया और सीमांचल के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को उनके समक्ष रखा.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनकल्याणकारी और संवेदनशील सोच का सशक्त उदाहरण है. उन्होंने कहा कि सीमांचल विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ना चाहता है और इसके लिए क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान आवश्यक है.

सांसद ने मुख्यमंत्री से फारबिसगंज में संचालित मांस फैक्ट्री (स्लॉटर हाउस) को तत्काल बंद कराने की मांग करते हुए कहा कि यह आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर से जुड़ा गंभीर विषय है. उन्होंने इस मामले में सरकार से शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया.

उन्होंने रामपुर-कॉलेज चौक-एनएच-27-पलटनिया-गिरजा चौक (पूर्णिया) सड़क को स्टेट हाईवे घोषित कर उसके चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की भी मांग की. सांसद ने कहा कि इस सड़क के विकसित होने से अररिया और पूर्णिया के बीच आवागमन आसान होगा तथा व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.

बंद स्टार्च फैक्ट्री दोबारा शुरू हो

सांसद ने फारबिसगंज की बंद पड़ी स्टार्च फैक्ट्री को दोबारा शुरू कराने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि सीमांचल मक्का उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र है. फैक्ट्री के पुनः संचालन से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

जल-जीवन-हरियाली योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से कजराधार और सिताधार के संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा व्यापक पौधरोपण कराने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण, भू-जल संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को मजबूती मिलेगी.

सांसद ने कजरा बांध के निर्माण पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि सीमांचल के किसान हर वर्ष बाढ़ की मार झेलते हैं. कजरा बांध बनने से हजारों किसानों को स्थायी राहत मिलेगी और क्षेत्र के कृषि विकास के साथ-साथ समग्र आर्थिक प्रगति को भी नई दिशा मिलेगी.

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही.

ALSO READ : फारबिसगंज के सहयोग शिविर में सीएम का बड़ा ऐलान, एसएच पर निजी वाहनों से नहीं लिया जाएगा टोल टैक्स


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन