बारात में डीजे को लेकर बवाल, वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, कई घायल

Updated:
विज्ञापन
मृतक युवक की फाइल फोटो व विराप करते परिजन

मृतक युवक की फाइल फोटो व विराप करते परिजन

फारबिसगंज में बारात के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई और आधा दर्जन लोग घायल हो गए। शादी का माहौल मातम में बदल गया।

विज्ञापन

फारबिसगंज (अररिया) से मो. कलीमउद्दीन की रिपोर्ट

विवाह का पंडाल
विवाह का पंडाल

अररिया के फारबिसगंज शहर स्थित गोढ़ियारे चौक में बुधवार देर रात एक बारात के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मारपीट के बीच डीजे वाहन की चपेट में आने से वधू पक्ष के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों से कई व्यक्ति घायल हो गए. घटना के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया.


मृतक की पहचान गोढ़ियारे वार्ड संख्या-19 निवासी 20 वर्षीय मिठ्ठू कुमार राय, पिता अनिल राय, के रूप में हुई है. वहीं घायल होने वालों में 12 वर्षीय सुशांत कुमार राय, 24 वर्षीय सुमन सागर और डीजे संचालक का भाई बबलू मंडल शामिल हैं. बाराती पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है.

सूपौल से आई थी बारात

जानकारी के अनुसार, गोढ़ियारे निवासी राजकुमार राय की पुत्री की शादी सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार वार्ड संख्या-12 निवासी ललन दास के पुत्र विकास कुमार के साथ तय थी. बुधवार देर रात बारात फारबिसगंज पहुंची थी.

बताया जाता है कि दरवाजा लगने से पहले गोढ़ियारे चौक के पास डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया.

डीजे वाहन की चपेट में आए कई लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब स्थानीय लोग विवाद शांत कराने का प्रयास कर रहे थे, उसी दौरान डीजे वाहन चालक ने तेज गति से वाहन बढ़ा दिया. इससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए.

गंभीर रूप से घायल मिठ्ठू कुमार राय को अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. रास्ते में उनकी मौत हो गई. अन्य घायलों का इलाज जारी है.

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद डीजे वाहन चालक सुनील कुमार मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मृतक मिठ्ठू कुमार राय लड़की पक्ष के करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के पिता अनिल राय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. मिठ्ठू दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था तथा मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था.

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मृतक के घर पहुंचे तथा शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी.

क्या बोले थानाध्यक्ष

फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

और पढ़ें : 25 हजार आबादी का उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाल, अधूरा भवन और टपकती छत से ठप हुई स्वास्थ्य सेवा


विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन