अररिया में पत्नी की हत्या कर स्कूल परिसर में दफनाया शव, मजदूर पति की खौफनाक करतूत से सनसनी

Updated:
विज्ञापन
Araria Crime News

पत्नी की हत्या कर स्कूल परिसर में दफनाया शव

Araria Crime: बिहार के अररिया में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. एक मजदूर पति ने पहले पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को निर्माणाधीन स्कूल परिसर में दफना दिया. कई दिनों तक गायब रही महिला का राज तब खुला जब पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

विज्ञापन

Araria Crime: अररिया के बथनाहा से विनय ठाकुर की रिपोर्ट .अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर बालूगढ़ में बन रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से पुलिस ने जमीन में दफन महिला का शव बरामद किया है. हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

पति-पत्नी के विवाद ने ले ली जान

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिले के के. नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर की रहने वाली थी. उसकी शादी करीब पांच साल पहले महबूब आलम से हुई थी. दोनों की दो साल की एक बेटी भी है.

महबूब आलम अपनी पत्नी के साथ श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में मजदूरी करता था. पूछताछ में सामने आया कि ईद के आसपास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

रात के अंधेरे में दफनाया शव

हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक उसने देर रात विद्यालय परिसर में गहरा गड्ढा खोदा और शव को बोरी में बंद कर जमीन के नीचे दफना दिया. इसके बाद वह अपनी दो साल की बेटी को घर छोड़कर वापस काम पर लौट आया, ताकि किसी को शक न हो.

पिता के शक से खुला हत्या का राज

कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर नुसरत के पिता मतिउर्रहमान को शक हुआ. उन्होंने जब दामाद से बेटी से बात कराने को कहा तो वह लगातार बहाने बनाता रहा. आखिरकार 13 मई को के. नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.

शिकायत के बाद पुलिस ने महबूब आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. रविवार को डीएसपी राज किशोर कुमार और बथनाहा पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया गया.

मामले में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Also Read: सचिवालय कर्मियों के लिए 18 मई से शुरू होगी बस सेवा, जानें रूट और टाइमिंग की पूरी जानकारी

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन