Chhath-Diwali Special Train: बिहार के लिए दिवाली-छठ पर 3 स्पेशल ट्रेनों को चलाने का फैसला, जानिए टाइमिंग और रूट
स्पेशल ट्रेन (सांकेतिक तस्वीर)
Chhath-Diwali Special Train: त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा. योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता, अमृतसर-बरौनी और अहमदाबाद-दरभंगा के बीच चलने वाली इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को राहत मिलेगी.
Chhath-Diwali Special Train: त्योहारी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में सीटों की मारामारी बढ़ जाती है. खासकर लंबी दूरी के यात्रियों के लिए कन्फर्म टिकट मिलना किसी चुनौती से कम नहीं होता. ऐसे में रेलवे ने राहत भरा फैसला लिया है. भीड़भाड़ की संभावना को देखते हुए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया गया है.
ये तीन ट्रेनें चलाई जाने की है योजना
जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश से कोलकाता, अमृतसर से बरौनी और अहमदाबाद से दरभंगा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जायेंगी. इन ट्रेनों से यूपी, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. कंफर्म टिकट मिलने की परेशानी काफी हद तक दूर हो सकेगी.
जानिए कौन सी हैं 3 स्पेशल ट्रेनें
- योग नगरी ऋषिकेश–कोलकाता स्पेशल (ट्रेन नंबर- 04312/04311)- यह ट्रेन 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चलेगी. इस ट्रेन का परिचालन हर शुक्रवार और रविवार को होगा. ऋषिकेश से ट्रेन रात 10:20 बजे खुलेगी. अगले दिन सुबह 9:10 बजे आलमनगर स्टेशन पहुंचेगी. फिर 9:20 बजे चलकर उतरेठिया जंक्शन पहुंचेगी. इसके बाद अलग-अलग स्टेशनों से होते हुए सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी. वापसी में उन्हीं रूटों से होते हुए कोलकाता से ऋषिकेश पहुंचेगी.
प्रमुख स्टेशन: हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आलमनगर, उतरेठिया, रायबरेली, वाराणसी, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बंडेल और नैहाटी.
- अमृतसर–बरौनी स्पेशल (ट्रेन नंबर- 04668/04667)- यह ट्रेन अमृतसर से 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार को बरौनी से 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हर मंगलवार को चलेगी. अमृतसर से यह ट्रेन रात 8:10 बजे खुलेगी. इसके बाद आलमनगर अगले दिन सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी. इसके बाद अलग-अलग स्टेशनों से होते हुए बरौनी पहुंचेगी.
प्रमुख स्टेशन: ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, छपरा ग्रामीण, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी, बरौनी जंक्शन.
- अहमदाबाद–दरभंगा पूजा स्पेशल (ट्रेन नंबर- 09465/09466)- यह ट्रेन हर सोमवार और शुक्रवार को चलेगी. 18 सितंबर से 2 दिसंबर तक इस ट्रेन का परिचालन होगा. यह ट्रेन अहमदाबाद से खुलने के बाद तीसरे दिन सुबह 4:55 बजे छपरा पहुंचेगी. इसके बाद अलग-अलग स्टेशनों से होते हुए दरभंगा पहुंचेगी. वापसी में उन्हीं स्टेशनों से होते हुए ट्रेन अहमदाबाद पहुंचेगी. प्रमुख रूटों में वाराणसी, औंड़िहार, गाजीपुर और छपरा शामिल है.
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
इस तरह से रेलवे ने त्योहार से पहले यात्रियों को राहत दे दी है. साथ ही रेलवे ने भी यात्रियों से निर्धारित तारीखों के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है. यात्रा से पहले संबंधित तारीख की ट्रेन का संचालन और समय रेलवे की आधिकारिक समय-सारणी से जरूर जांच लें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए