बाढ़ : मेडिकल कॉलेजों में नौकरी लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का देता था झांसा, सरगना गिरफ्तार
Updated at : 08 Dec 2018 2:11 AM (IST)
विज्ञापन

बाढ़ : बेलछी थाना क्षेत्र में कई लोगों को मेडिकल कॉलेजों में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगाने का सब्जबाग दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना अश्विनी कुमार को रुपये वसूलते ग्रामीणों ने पकड़ा . बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया . पुलिस ने पूछताछ के बाद जालसाज रूपसपुर थाना क्षेत्र के महुआबाग […]
विज्ञापन
बाढ़ : बेलछी थाना क्षेत्र में कई लोगों को मेडिकल कॉलेजों में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगाने का सब्जबाग दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना अश्विनी कुमार को रुपये वसूलते ग्रामीणों ने पकड़ा . बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया . पुलिस ने पूछताछ के बाद जालसाज रूपसपुर थाना क्षेत्र के महुआबाग निवासी अश्विनी कुमार को न्यायिक हिरासत के तहत शुक्रवार को जेल भेज दिया .
जालसाज अश्विनी कुमार करीब दो वर्षों से बेरोजगारों को अपना शिकार बनाने के उद्देश्य से नौकरी दिलाने का गिरोह बना रखा था. इसी दौरान उसने भी बेलछी थाना के भीखोचक गांव निवासी नीतीश कुमार से डेढ़ साल पहले चार लाख रुपये लेकर पीएमसीएच में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगाने का झांसा दिया .इस झांसे में नीतीश आ गया. उसने जालसाज की पत्नी के बैंक अकाउंट में राशि जमा करा दी.
इसके बाद नीतीश को पीएमसीएच में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति पत्र मिला . कागजात के आधार पर नीतीश जब पीएमसीएच में योगदान देने पहुंचा तो उसे उक्त कागजात फर्जी बताया गया. इसके बाद जब उसने जालसाज से बात की तब उसने कुछ दिन रुकने के लिए कहा और फर्जी नियुक्ति पत्र ले लिया . इस गिरोह ने बेलछी गांव में अविनाश कुमार और प्रमोद कुमार को भी अपना शिकार बनाया .
दोनों बेरोजगारों ने भी चार -चार लाख रुपये जालसाज को आईजीआईएमएस में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने के लिए दिया था . बाद में उनका भी नियुक्ति पत्र फर्जी निकला, जिसे जालसाज ने चतुराई से वापस ले लिया, लेकिन अविनाश ने इसकी जेरॉक्स कॉपी कर अपने पास रख ली थी .
बाद में नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपित अश्विनी कुमार 50 हजार रुपये और मांग रहा था. बाद में ठगी के शिकार हुए युवकों ने आरोपित को दबोचने के लिए अभियान चलाया. इसी को लेकर ग्रामीणों ने उसे रुपये लेने के लिए बेलछी गांव बुलाया . शुक्रवार को रुपये लेने के लिए पहुंचे जालसाज अश्विनी कुमार को ग्रामीणों ने पकड़कर बेलछी पुलिस को सौंप दिया.
इस संबंध में बेलछी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध रोजगार दिलाने के नाम पर युवकों को सब्जबाग दिखाकर रुपये हड़पने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपित को न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




