बाढ़ से बेहाल बिहार के लिए तेजस्वी ने PM मोदी को लिखा पत्र, 5 हजार करोड़ पैकेज समेत की ये 7 मांग

Updated:
विज्ञापन

तेजस्वी यादव ने PM मोदी से 5000 करोड़ और सेना की सहायता मांगी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Bihar Flood Relief Package: बिहार में बाढ़ के हालात को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. उन्होंने बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने, 5 हजार करोड़ रुपये की मदद और विशेष राहत पैकेज की मांग की है. तेजस्वी ने सेना, हेलीकॉप्टर, राहत सामग्री और किसानों के लिए सहायता की भी मांग रखी है.

विज्ञापन

Bihar Flood Relief Package: राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने कहा है कि बिहार इस समय भीषण बाढ़ से गुजर रहा है और 20 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. तेजस्वी ने कहा कि बाढ़ के कारण लाखों लोग परेशानी में हैं. नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का असर और बढ़ रहा है. इससे सड़क और दूसरे सरकारी ढांचे को भी नुकसान हुआ है. उन्होंने पत्र में हजारों करोड़ रुपये की जान-माल की क्षति का भी जिक्र किया है.

विज्ञापन

खाने-पीने से लेकर दवा तक की परेशानी

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि बाढ़ प्रभावित बड़ी आबादी को खाने, साफ पानी, दवा, बिजली, पशुओं के चारे और आने-जाने के लिए सुरक्षित साधनों की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार की ओर से बाढ़ राहत और बचाव के लिए की जा रही व्यवस्था जरूरत के मुकाबले काफी कम है.

बिहार को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री से सबसे पहले बिहार की इस बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक जरूरी काम नहीं हुआ है. उनके मुताबिक इस समस्या को केवल हर साल राहत देकर नहीं, बल्कि लंबे समय की योजना के साथ देखना जरूरी है.

5 हजार करोड़ रुपये की मदद मांगी

तेजस्वी ने केंद्र सरकार से बिहार के लिए तुरंत 5 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने विशेष बाढ़ राहत पैकेज देने की भी बात कही है.

उनका कहना है कि बाढ़ की वजह से कई इलाके सड़क संपर्क से कट गए हैं. ऐसे क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के लिए अतिरिक्त नाव, बोट और दूसरे जरूरी संसाधन तुरंत उपलब्ध कराए जाने चाहिए.

सेना और हेलीकॉप्टर की मदद की मांग

तेजस्वी यादव ने बाढ़ राहत और बचाव अभियान में जरूरत वाले इलाकों में सेना और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद सुनिश्चित करने की मांग भी की है.

उन्होंने केंद्र से यह भी कहा है कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त भोजन, पीने का पानी, दवा, पशुचारा और अस्थायी रहने की व्यवस्था की जाए.

पत्र में तेजस्वी ने बाढ़ से प्रभावित किसानों, मजदूरों, पशुपालकों और दूसरे परिवारों के लिए अलग से आर्थिक मदद देने की मांग रखी है.

उनका कहना है कि बाढ़ का असर केवल घर और सड़क तक सीमित नहीं है. इससे लोगों की रोजी-रोटी और पशुओं पर भी असर पड़ता है. इसलिए प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद मिलनी चाहिए.

राज्य के खर्च की जांच की मांग

तेजस्वी यादव ने बिहार की वित्तीय स्थिति और आपदा की तैयारी की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी की है. उन्होंने राज्य की आकस्मिक निधि के इस्तेमाल और लेन-देन की CAG से जांच कराने की बात कही है.

पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के वित्तीय संसाधनों का इस्तेमाल नियमित सरकारी खर्चों में हुआ, जिससे बाढ़ जैसी आपदा के समय राहत के लिए पैसे की कमी की स्थिति बन रही है.

बिहार की बाढ़ के स्थायी समाधान की मांग

तेजस्वी ने बिहार की बाढ़ समस्या के लंबे समय के समाधान के लिए एक Flood Resilience Mission शुरू करने की मांग की है.

उन्होंने नदी और तटबंधों के बेहतर प्रबंधन, पानी की निकासी, पुराने जलाशयों को फिर से बेहतर बनाने और बाढ़ का पहले से पता लगाने वाली आधुनिक व्यवस्था पर काम करने की बात कही है.

इसके साथ ही उन्होंने नेपाल, बांग्लादेश और दूसरे पड़ोसी देशों के साथ पानी के बेहतर प्रबंधन को लेकर प्रभावी नीति और समझौते की जरूरत बताई है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बिहार की भौगोलिक स्थिति का भी किया जिक्र

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में कहा है कि बिहार की भौगोलिक स्थिति के कारण राज्य का 76 प्रतिशत भूभाग बाढ़ से प्रभावित रहता है. उन्होंने यह भी कहा कि भारी बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के समय यह आंकड़ा 80 प्रतिशत से भी ज्यादा हो जाता है.

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री से कहा कि इस समय सबसे जरूरी काम बिहार के लोगों की जान बचाना है. उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस स्थिति में लोगों को राजनीति नहीं, बल्कि ठोस राहत और जवाबदेही चाहिए.

उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं करने और मौजूदा संकट को मानवीय तथा राष्ट्रीय जिम्मेदारी के तौर पर देखने की अपील की है.

PM मोदी से बिहार आने की अपील

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार का दौरा करने की भी अपील की है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में केंद्र की ओर से मानवीय, आर्थिक और दूसरी जरूरी मदद तुरंत उपलब्ध कराई जानी चाहिए. पत्र में तेजस्वी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की किसी भी आर्थिक परेशानी का असर बाढ़ राहत और बचाव के काम पर नहीं पड़ना चाहिए.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शराबबंदी के बीच सूखा नशा बना बड़ी चुनौती, शराब तस्करी के तरीके भी बदले

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन