भारतीय बेटियों का कमाल, एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में मारी एंट्री 

Author Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन
Indian women's hockey players flashing the victory sign

विक्ट्री साइन दिखाते हुए भारतीय हॉकी महिला खिलाड़ी

Womens Hockey U-18 Asia Cup 2026: भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 में वो कर दिखाया है जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया. अपने आखिरी पूल मैच में टीम इंडिया के आगे सिंगापुर की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई.

विज्ञापन

Womens Hockey U-18 Asia Cup 2026: अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का शानदार विजय रथ जारी है. पूल-ए के अपने हालिया मुकाबले में भारत ने सिंगापुर को 25-0 के भारी अंतर से पराजित किया. पूरे मैच के दौरान भारतीय टीम ने दबदबा बनाए रखा और सिंगापुर को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. इस एकतरफा जीत की बदौलत भारतीय टीम पूल-ए में शीर्ष पर रहते हुए अपराजित रही और सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली. यह ऐतिहासिक जीत अंडर-18 स्तर पर भारतीय हॉकी इतिहास के सबसे बड़े स्कोर में से एक है.

नम्मी गीताश्री ने अकेले दागे 5 गोल

इस महामुकाबले में भारत की स्टार खिलाड़ी नम्मी गीताश्री ने अपने आक्रामक तेवरों से सिंगापुर के डिफेंस के परखच्चे उड़ा दिए. गीताश्री ने मैदान पर ऐसा तूफान लाया कि अकेले ही 5 शानदार गोल दाग दिए, जिसके चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने विपक्षी टीम को सांस लेने तक का मौका नहीं दिया. मैच के चारों क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने गोल की ऐसी बौछार की कि सिंगापुर की टीम पूरे समय सिर्फ बैकफुट पर ही नजर आई.

नूशिन नाज ने किए सर्वाधिक गोल

इस ऐतिहासिक मैच में सिर्फ गीताश्री ही नहीं, बल्कि भारत की दो और फॉरवर्ड स्टार्स ने सिंगापुर के डिफेंस की धज्जियाँ उड़ाकर रख दीं. स्टार खिलाड़ी नूशिन नाज ने मैदान पर गोलों की बरसात करते हुए सबसे ज्यादा 7 गोल (8वें, 13वें, 17वें, 18वें, 40वें, 52वें और 58वें मिनट) दागे और विपक्षी टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. दूसरी तरफ, स्वीटी कुजूर ने भी उनका जोरदार साथ दिया. उन्होंने मैच के दूसरे ही मिनट में भारत का खाता खोला और कुल 4 शानदार गोल (2रे, 24वें, 38वें और 45वें मिनट) अपने नाम किए. इन दोनों फॉरवर्ड्स की तूफानी जुगलबंदी के आगे सिंगापुर की गोलकीपर पूरी तरह बेबस और असहाय नजर आईं.

युवा खिलाड़ी दीया की हैट्रिक

भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन में युवा खिलाड़ी दीया ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया. उन्होंने मैच के 27वें, 32वें और 53वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की. इस मुकाबले में भारतीय टीम का सामूहिक प्रदर्शन लाजवाब रहा. जिसके कारण टीम के कुल 10 खिलाड़ियों ने स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया. दीया की हैट्रिक के अलावा प्रियंका मिंज (22वें), नैन्सी सरोहा (36वें), श्रुति कुमारी (40वें), रशमीन कौर (47वें), पुष्पा मांझी (47वें) और संदीप कुमारी (51वें मिनट) ने भी एक-एक गोल किया. इसी सामूहिक आक्रामकता के चलते भारत 25-0 का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा.

खिताब पर टिकी नजरें

सिंगापुर के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत से भारतीय टीम का मनोबल काफी ऊंचा है. टीम सेमीफाइनल के नॉकआउट मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार दिख रही है. ग्रुप चरण में अजेय रहने के बाद अब भारतीय टीम का मुख्य लक्ष्य इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर खिताब पर कब्जा करना है. मुख्य कोच ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ी मैदान पर रणनीतियों को बखूबी अमलीजामा पहना रहे हैं, जो आने वाले महत्वपूर्ण नॉकआउट मैचों के लिए एक बेहद सकारात्मक संकेत है.

यह भी पढ़े- लॉर्ड्स टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, जानें किसे मिला मौका

विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola