प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे विराट-अनुष्का, वीडियो वायरल

विराट-अनुष्का पहुंचे वृंदावन ( फोटो-एक्स )
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की आध्यात्मिक आस्था का एक और प्रमाण वृंदावन में देखने को मिला, जहाँ दोनों ने प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया. कीचड़ भरे रास्ते पर नंगे पैर चलकर उन्होंने फैंस का दिल जीत लिया, और उनकी सादगी की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.
Anushka Sharma and Virat Kohli in Vrindavan: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक आस्था का परिचय देते हुए वृंदावन में प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया. गुरु पूर्णिमा से पहले दोनों बुधवार सुबह श्री हित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नंगे पैर आश्रम तक जाते और लौटते नजर आए. उनके इस दौरे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
सादगी ने जीता फैंस का दिल
एक्स पर वायरल वीडियो में विराट और अनुष्का बेहद सादगी भरे अंदाज में आश्रम से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं. दोनों ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और आश्रम से प्रसाद लेकर बाहर आए. आश्रम से निकलते समय उन्होंने वहां मौजूद लोगों का 'राधे-राधे' कहकर अभिवादन किया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है. इस दौरान अनुष्का शर्मा ने सफेद रंग का सिंपल सलवार-सूट पहना था, जबकि विराट कोहली टी-शर्ट और पैंट में नजर आए. दोनों के साथ उनकी टीम के कुछ सदस्य भी मौजूद थे. कीचड़ भरे रास्ते पर नंगे पैर चलते हुए उनकी सादगी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा.
आईपीएल का खिताब जीतने पर भी आए थे दोनों
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे हों. पिछले कुछ वर्षों में यह चर्चित जोड़ी कई बार वृंदावन आ चुकी है. दोनों अक्सर अपने निजी और पेशेवर जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों से पहले संत का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं. हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद भी दोनों ने वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए थे.
लंदन में क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहें है विराट
विराट कोहली हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे. वहीं, इससे पहले विराट और अनुष्का को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले के दौरान लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भी एक साथ देखा गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट और अनुष्का इन दिनों अपने बच्चों वामिका और अकाय के साथ लंदन वाले घर में क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहे हैं. इसके बावजूद दोनों समय-समय पर भारत आकर वृंदावन पहुंचते हैं, जो उनकी गहरी आध्यात्मिक आस्था और प्रेमानंद महाराज के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है.
इसे भी पढ़े- ICC World Cup 2027: रैंकिंग से तय होगा सीधा क्वालिफिकेशन, जानें पूरा नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










