Vaibhav Sooryavanshi को तीसरे टी20 में भी करना होगा इंतजार? संजू सैमसन की एक पारी ने बदल दिया समीकरण
वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन (फोटो- सोशल मीडिया)
टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है. लेकिन तीसरे मैच से पहले सबसे अहम सवाल यह है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा.
Vaibhav Sooryavanshi: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर सीरीज अपने नाम कर ली है. पहले मैच में अभिषेक शर्मा की 82 रन की तूफानी पारी के बाद भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी. दूसरे मुकाबले में संजू सैमसन ने 22 गेंदों पर 57 रन ठोककर भारत को सात विकेट से जीत दिलाई.
अब 17 सितंबर को होने वाला तीसरा T20I नतीजे से ज्यादा टीम कॉम्बिनेशन के लिहाज से अहम हो गया है. क्या तीसरे मैच में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा? पिछले दो मैच में वैभव को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया था. अब देखना होगा कि क्या मैनेजमेंट तीसरे टी20 में कोई बदलाव करता है या नहीं.
सीरीज जीतने के बाद तीसरे T20I में क्या बदलेगा?
पहले दो मुकाबलों की प्लेइंग- XI देखें तो भारत ने सिर्फ गेंदबाजी विभाग में बदलाव किया. पहले मैच में वरुण चक्रवर्ती खेले थे, जबकि दूसरे मैच में उनकी जगह रवि बिश्नोई आए. बल्लेबाजी में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन का कॉम्बिनेशन बरकरार रहा. अब देखना होगा कि क्या तीसरे मुकाबले में बल्लेबाजी लाइनअप में भी कोई बदलाव होगा.
| खिलाड़ी | पहला T20I | दूसरा T20I |
| संजू सैमसन | 10 रन | 57 रन |
| अभिषेक शर्मा | 82 रन | 39 रन |
| ईशान किशन | 42 रन | 38* रन |
| वैभव सूर्यवंशी | XI से बाहर | XI से बाहर |
| वरुण चक्रवर्ती | खेले | चोट के कारण बाहर |
| रवि बिश्नोई | बाहर | वरुण की जगह |
वैभव सूर्यवंशी को अब तक क्यों नहीं मिला मौका?
वैभव को टीम में जगह न मिलने का सवाल इसलिए ज्यादा अहम है क्योंकि वह अफगानिस्तान सीरीज से पहले ही शानदार T20I फॉर्म में थे. जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों में उन्होंने 151 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए. इसमें पहले मैच में 18 गेंदों पर अर्धशतक और तीसरे मुकाबले में 81 रन की पारी शामिल थी.
वहीं इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती T20I सीरीज में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के मुताबिक नहीं रहा था. ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टीम मैनेजमेंट ने अनुभव और मौजूदा कॉम्बिनेशन को प्राथमिकता दी. पहले दो मैच में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया. अभिषेक ने पहले मैच में 82 और दूसरे मैच में 39 रन बनाए. वहीं संजू सैमसन पहले मैच में 10 और दूसरे मैच में 57 रन की पारी खेली. दोनों ने अपने प्रदर्शन से ओपनिंग स्लॉट का दावा मजबूत कर दिया.
संजू सैमसन की 57 रन की पारी ने क्या बदला?
दूसरे टी20 में संजू सैमसन ने 22 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली. इस पारी में वैभव की प्लेइंग में राह और मुश्किल कर दी. इस मैच से पहले संजू सैमसन का प्रदर्शन पिछले कुछ मैच में ज्यादा अच्छा नहीं था. आयरलैंड और इंग्लैंड में संजू सैमसन के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया. जिसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे दौरे से बाहर कर दिया. हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाकर संजू ने वापसी का संदेश दे दिया है.
दिलचस्प बात यह भी है कि दूसरे मैच में अभिषेक ने 19 गेंदों पर 39 और ईशान किशन ने 23 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए. यानी शीर्ष क्रम के तीनों बल्लेबाजों ने टीम को 14.5 ओवर में 160 रन का लक्ष्य हासिल करने में मदद की. टॉप-3 के शानदार प्रदर्शन के बाद तीसरे मैच में वैभव के लिए जगह बनाना मुश्किल होगा.
हालिया T20I प्रदर्शन पर एक नजर
| खिलाड़ी | अफगानिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन | जिम्बाब्वे सीरीज |
| वैभव सूर्यवंशी | अभी मौका नहीं | 151 रन |
| अभिषेक शर्मा | 82, 39 | 11 रन |
| संजू सैमसन | 10, 57 | सीरीज में नहीं खेले |
| ईशान किशन | 42, 38* | 35, 81, 29 |
वरुण चक्रवर्ती की चोट से भारत का स्पिन कॉम्बिनेशन कैसे बदलेगा?
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच के बाद ही वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टीम से बाहर हो गए. चोट के कारण वरुण एशियन गेम्स से भी बाहर हो सकते हैं. वरुण की जगह दूसरे मैच में रवि बिश्नोई को शामिल किया गया. तीसरे मैच में रवि बिश्नोई को मौका मिलना तय है. अब देखना होगा कि एशियन गेम्स में वरुण की जगह किसे शामिल किया जाता है.
तीसरे T20I से एशियन गेम्स की तस्वीर भी साफ होगी
यह मुकाबला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अफगानिस्तान सीरीज के तुरंत बाद भारत को जापान के खिलाफ 22 सितंबर को ऐतिहासिक T20I खेलना है और इसके बाद एशियन गेम्स में उतरना है. भारत की पुरुष क्रिकेट टीम को एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है.
एशियन गेम्स के लिए भारत की घोषित टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन सभी शामिल हैं. यानी मौजूदा अफगानिस्तान सीरीज का सबसे बड़ा फायदा यही है कि टीम मैनेजमेंट के पास इन खिलाड़ियों के बीच भूमिका और बल्लेबाजी क्रम को परखने का मौका है.
ये भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi: सूर्यवंशी के नहीं खेलने पर पूर्व क्रिकेटर के घर में हुआ क्लेश, बोले-‘मेरी बीवी चिल्लाने लगी’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए