टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन पर सख्ती, कोलंबो में फैन्स और मीडिया की एंट्री पर क्यों लगी पाबंदी?

Updated:
विज्ञापन

भारतीय टीम प्रैक्टिस करते हुए (एक्स)

श्रीलंका में टीम इंडिया के अभ्यास सत्र के दौरान असामान्य सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली, जहां फैंस और मीडिया की एंट्री पर पाबंदी लगा दी गई. जानें, आखिर इसके पीछे क्या वजह है.

विज्ञापन

Team India Practice Session in colombo: भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका दौरे पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया 4 अगस्त को कोलंबो पहुंची, लेकिन टीम के अभ्यास सत्र से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था चर्चा का विषय बन गई. भारतीय टीम के ट्रेनिंग सेशन के दौरान ऐसे कड़े सुरक्षा नियम लागू किए गए हैं, जो श्रीलंका दौरों में पहले कम ही देखने को मिले हैं. भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा है. दौरे का पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में आयोजित होगा.

एयरपोर्ट पर हुआ टीम इंडिया का स्वागत

भारतीय टीम मंगलवार, 4 अगस्त को दोपहर करीब 3:50 बजे कोलंबो के बंदरानायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची. श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारियों ने भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत किया। इसके बाद टीम सीधे अपने अभ्यास कार्यक्रम के लिए रवाना हुई. टेस्ट सीरीज से पहले भारत को श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलना है. यह मुकाबला 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो के नेशनल क्रिकेट क्लब (एनसीसी) ग्राउंड पर खेला जाएगा. पहले इस मुकाबले को चार दिवसीय रखा गया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर तीन दिन कर दिया गया.

फैन्स की एंट्री बंद

भारतीय टीम के अभ्यास सत्र को लेकर एनसीसी ग्राउंड पर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैन्स को खिलाड़ियों की ट्रेनिंग देखने के लिए मैदान में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है. इसके अलावा पत्रकारों के लिए भी अतिरिक्त नियम लागू किए गए हैं. मीडिया कर्मियों को मैदान में प्रवेश के लिए सरकार द्वारा जारी मान्यता पत्र (मीडिया एक्रिडिटेशन) दिखाना अनिवार्य किया गया है. इतना ही नहीं, एनसीसी के नियमित सदस्यों को भी मैदान में आने के लिए अपनी क्लब सदस्यता पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं.

श्रीलंकाई पत्रकार ने बताया अभूतपूर्व इंतजाम

श्रीलंका के पत्रकार रेक्स क्लेमेंटाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय टीम के अभ्यास सत्र के दौरान किए गए सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे असामान्य स्थिति बताते हुए कहा कि

इस तरह के प्रतिबंध पहले कभी नहीं देखे गए. उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम के अभ्यास के दौरान सख्त प्रोटोकॉल लागू हैं. फैन्स के लिए मैदान बंद है, पत्रकारों को सरकारी मान्यता पत्र दिखाना पड़ रहा है और क्लब सदस्यों से भी पहचान पत्र मांगा जा रहा है.

हालांकि, सुरक्षा बढ़ाने की वजह को लेकर श्रीलंका क्रिकेट या किसी अन्य अधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

भारतीय टीम के दौरे के दौरान इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था ने क्रिकेट जगत में चर्चा शुरू कर दी है. श्रीलंका में इससे पहले भी भारतीय टीम कई बार दौरा कर चुकी है, लेकिन इस स्तर की पाबंदियां आमतौर पर देखने को नहीं मिली थीं. टीम प्रबंधन और श्रीलंका क्रिकेट की ओर से फिलहाल पूरा ध्यान खिलाड़ियों की तैयारी और टेस्ट सीरीज पर फोकस है.

साई सुदर्शन बेंगलुरु में जारी रखे हुए हैं रिहैबिलिटेशन

भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम के साथ श्रीलंका नहीं गए हैं. वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी चोट से उबरने की प्रक्रिया जारी रखे हुए हैं. सुदर्शन को भारत ए के श्रीलंका दौरे के दौरान पैर के अंगूठे में चोट लगी थी. अब वह मेडिकल टीम की निगरानी में नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, सुदर्शन ने ट्रेनिंग के दौरान एक घंटे से ज्यादा समय तक बल्लेबाजी की है. हालांकि, बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहती और पूरी फिटनेस हासिल होने के बाद ही उन्हें मैदान पर उतारने का फैसला लिया जाएगा. अगर सुदर्शन की रिकवरी सही दिशा में आगे बढ़ती है, तो वह कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम से जुड़ सकते हैं. उनकी वापसी से शुबमन गिल की टीम को बल्लेबाजी क्रम में एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है.

भारत की नजर मजबूत शुरुआत पर

श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम की कोशिश टेस्ट चैंपियनशिप अभियान की शुरुआत मजबूती के साथ करने की होगी. कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन के साथ मैदान पर उतरेगी. अब सभी की निगाहें अभ्यास मैच और फिर गाले टेस्ट पर टिकी हैं.

इसे भी पढ़े- देवजीत सैकिया की तबीयत बिगड़ने से टली BCCI रिव्यू मीटिंग, गौतम गंभीर वर्चुअली होंगे शामिल?



विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola