ZIM vs AUS ODI: 10 साल बाद जिम्बाब्वे में भिड़ेंगे कंगारू, वनडे सीरीज के लिए टीम में इन दो प्लेयर्स की हुई वापसी

Updated:
विज्ञापन

जिम्बाब्वे टीम फोटो—सोशल मीडिया

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है. रिचर्ड नगारवा की चोट के चलते सिकंदर रजा को कप्तानी सौंपी गई है. अनुभवी ब्रेंडन टेलर की वापसी हुई है.

विज्ञापन

Zimbabwe Squad: जिम्बाब्वे क्रिकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. दोनों टीमों के बीच सीरीज की शुरुआत 15 सितंबर से होगी. इसके बाद दूसरा वनडे 18 सितंबर और तीसरा मुकाबला 20 सितंबर को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. नियमित कप्तान रिचर्ड नगारवा चोट के कारण इस सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं. वह पीठ के निचले हिस्से की चोट से उबर रहे हैं. उनकी गैरमौजूदगी में अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा जिम्बाब्वे की कप्तानी करेंगे.

विज्ञापन

नगारवा और चिवांगा बाहर

जिम्बाब्वे की टीम में दो खिलाड़ियों को चोट के कारण जगह नहीं मिली है. रिचर्ड नगारवा के अलावा तनाका चिवांगा भी टीम से बाहर हैं. चिवांगा एचिलीज टेंडन की चोट से रिकवरी कर रहे हैं. बांग्लादेश के खिलाफ जुलाई में खेली गई पिछली वनडे सीरीज की टीम से विकेटकीपर बल्लेबाज क्लाइव मदांडे भी इस बार टीम में नहीं हैं. इसके अलावा टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है.

ब्रेंडन टेलर और ग्रेम क्रेमर की वापसी

ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जिम्बाब्वे ने अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है. ब्रेंडन टेलर और ग्रेम क्रेमर की टीम में वापसी हुई है. क्रेग एर्विन और कप्तान सिकंदर रजा के साथ इन दोनों खिलाड़ियों का अनुभव टीम के लिए अहम होगा. टॉप ऑर्डर में ब्रायन बेनेट, बेन करन और इनोसेंट काइया जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं. वहीं तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी ब्लेसिंग मुजाराबानी के कंधों पर होगी. उनका साथ ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी और अर्नेस्ट मासुकु देंगे.

ये भी पढ़ें: BBL 2026-27: फिन एलन से बेन स्टोक्स तक, कौन किस टीम का होगा हिस्सा; देखें स्टार प्लेयर्स की पूरी लिस्ट

स्पिन विभाग में क्रेमर और मसाकाजा

स्पिन गेंदबाजी में ग्रेम क्रेमर और वेलिंगटन मसाकाजा टीम के प्रमुख विकल्प हैं. ऑलराउंडर रयान बर्ल और वेस्ली मधेवेरे टीम में अतिरिक्त संतुलन प्रदान करेंगे. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ब्रेंडन टेलर और तदिवानाशे मरुमानी संभालेंगे. जिम्बाब्वे की टीम इस सीरीज में अनुभव और युवा खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ मैदान पर उतरेगी.

10 साल बाद जिम्बाब्वे में वनडे खेलेगा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया की टीम एक दशक से ज्यादा समय बाद जिम्बाब्वे में वनडे सीरीज खेलने जा रही है. दोनों टीमों के बीच जिम्बाब्वे की धरती पर आखिरी वनडे मुकाबला अगस्त-सितंबर 2014 में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज के दौरान हुआ था. उस सीरीज में दक्षिण अफ्रीका भी शामिल था. आगामी सीरीज जिम्बाब्वे के लिए सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चुनौती नहीं है. यह 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगी. 2027 का आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाना है.

जिम्बाब्वे टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), बेन करन, ब्लेसिंग मुजाराबानी, ब्रैड इवांस, ब्रेंडन टेलर, ब्रायन बेनेट, क्रेग एर्विन, अर्नेस्ट मासुकु, ग्रेम क्रेमर, इनोसेंट काइया, न्यूमैन न्यामहुरी, रयान बर्ल, तदिवानाशे मरुमानी, वेलिंगटन मसाकाजा, वेस्ली मधेवेरे.

ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola