मुंबई इंडियंस की एक गलती पड़ी भारी, कैच छोड़ने की बेवकूफी पर भड़के कप्तान हार्दिक पांड्या
कैच ड्रॉप करने के बाद रॉबिन-चाहर एक-दूसरे का मुंह ताकते हुए
MI Fielding: 20 मई,2026 (बुधवार) को खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से मात दी. इस हार का सबसे बड़ा कारण मुंबई की खराब फील्डिंग रहा.
MI Fielding: कोलकाता के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों ने बेहद खराब फील्डिंग की. मैदान पर खिलाड़ियों की इन बचकानी गलतियों को देखकर कप्तान हार्दिक पांड्या भी हैरान रह गए. इस मैच ने एक बार फिर दिखा दिया कि इस सीजन में मुंबई की किस्मत कितनी खराब चल रही है.
इतना आसान कैच कैसे छूट गया?
केकेआर की पारी के 10वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने रोवमैन पॉवेल को एक शॉर्ट गेंद डाली. पॉवेल के बल्ले का ऊपरी किनारा लगकर गेंद हवा में बहुत ऊपर चली गई. यह इतना आसान कैच था जिसे कोई भी आसानी से पकड़ लेता, लेकिन मैदान पर मुंबई के फील्डर्स के बीच तालमेल की भारी कमी दिखी. रॉबिन मिंज और दीपक चाहर दोनों गेंद के नीचे तो आए, लेकिन किसी ने भी कैच लपकने की कोशिश नहीं की. इसे देखकर कप्तान हार्दिक पंड्या पूरी तरह निराश हो गए.
एक-दूसरे का मुंह ताकते रह गए रॉबिन-चाहर
गेंद जैसे-जैसे नीचे आ रही थी, दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे का मुंह देख रहे थे. वैसे पोजीशन के हिसाब से दीपक चाहर को यह कैच आसानी से पकड़ लेना चाहिए था. रॉबिन मिंज आखिरी वक्त पर पीछे भी हट गए, लेकिन चाहर ने अपने पास साथी खिलाड़ी को देखकर ध्यान खो दिया. नतीजा यह हुआ कि गेंद दोनों के बीच में गिर गई और रोवमैन पॉवेल को एक बड़ा जीवनदान मिल गया.
हार्दिक पंड्या रह गए हैरान
इस बड़ी गलती पर कप्तान हार्दिक पंड्या का रिएक्शन सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. पंड्या मैदान पर एकदम सन्न रह गए और उनके चेहरे पर निराशा साफ दिख रही थी. मुंबई इंडियंस ने इस सीजन में जैसी गलतियाँ की हैं, यह इसका सटीक उदाहरण है. इससे पहले, बल्लेबाजी में भी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही थी. बारिश से प्रभावित इस मैच में टीम 20 ओवर में सिर्फ 147 रन ही बना सकी. जवाब में, केकेआर ने 19वें ओवर में 4 विकेट से मैच जीत लिया. जिस पॉवेल का कैच छूटा था, उन्होंने इस मैच में 40 रनों की अहम पारी खेली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए