फीफा वर्ल्ड कप के ‘मिस्टर नॉकआउट’ बने किलियन एम्बाप्पे, 11 मैचों में 12 गोल करके बना दिया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

किलियन एम्बाप्पे (फोटो-सोशल मीडिया)
किलियन एम्बाप्पे ने फीफा विश्व कप के नॉकआउट चरणों में 12 गोल करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने फुटबॉल के दिग्गजों लियोनेल मेसी, रोनाल्डो और लियोनिदास को पीछे छोड़ दिया है. जानिए कैसे एम्बाप्पे ने विश्व कप के 'मिस्टर नॉकआउट' का खिताब जीता.
ग्रुप चरण में गोल करने वाले खिलाड़ी हर विश्व कप में मिल जाते हैं, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में लगातार गोल करना महान खिलाड़ियों की पहचान होती है. फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ गोल कर इतिहास रच दिया. इसके साथ ही विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में उनके गोलों की संख्या 12 हो गई है, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक है.
मेसी और रोनाल्डो को छोड़ा पीछे
एम्बाप्पे ने इस मामले में ब्राजील के लियोनिदास और रोनाल्डो के साथ-साथ अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी को भी पीछे छोड़ दिया है. इन तीनों दिग्गजों ने विश्व कप के नॉकआउट चरण में आठ-आठ गोल किए थे, जबकि एम्बाप्पे अब 12 गोल के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं.
2018 से जारी है नॉकआउट में जलवा
एम्बाप्पे का नॉकआउट चरण में शानदार प्रदर्शन नया नहीं है. 2018 विश्व कप के फाइनल में उन्होंने गोल कर फ्रांस को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. 2022 विश्व कप में फ्रांस भले ही उपविजेता रहा, लेकिन एम्बाप्पे ने फाइनल में हैट्रिक लगाकर गोल्डन बूट अपने नाम किया था. 2026 विश्व कप में भी वह प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल दोनों में गोल कर चुके हैं.
मोरक्को के खिलाफ बनाए दो बड़े रिकॉर्ड
मोरक्को के खिलाफ मुकाबले में एम्बाप्पे ने एक साथ दो बड़े विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए. वह फीफा विश्व कप के दो अलग-अलग संस्करणों में 10 या उससे अधिक गोलों में योगदान देने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. इसके अलावा वह विश्व कप में आठ नॉकआउट जीतों में गोल या असिस्ट के जरिए योगदान देने वाले पहले फुटबॉलर भी बन गए हैं.
मेसी से सिर्फ एक गोल पीछे
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने की दौड़ भी दिलचस्प होती जा रही है. लियोनेल मेसी ने विश्व कप में 31 मैच खेलकर 21 गोल किए हैं. वहीं एम्बाप्पे के नाम अब 20 गोल हो चुके हैं. खास बात यह है कि उन्होंने मेसी से 11 मैच कम खेलकर यह उपलब्धि हासिल की है.
महान खिलाड़ियों के क्लब में शामिल
केवल 27 वर्ष की उम्र में एम्बाप्पे ने खुद को विश्व कप इतिहास के महानतम खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया है। जिस रिकॉर्ड को पेले, डिएगो माराडोना, रोनाल्डो और मेसी जैसे दिग्गज नहीं बना सके, उसे एम्बाप्पे ने अपने नाम कर लिया है।
विश्व कप नॉकआउट चरण में सर्वाधिक गोल
| खिलाड़ी | देश | गोल |
| किलियन एम्बाप्पे | फ्रांस | 12 |
| लियोनिदास | ब्राजील | 8 |
| रोनाल्डो | ब्राजील | 8 |
| लियोनेल मेसी | अर्जेंटीना | 8* |
| जस्ट फोंटेन | फ्रांस | 7 |
| वावा | ब्राजील | 7 |
| ओल्द्रिच नेजेद्ली | चेकोस्लोवाकिया | 7 |
| पेले | ब्राजील | 7 |
ये भी पढ़ें: किलियन एम्बाप्पे ने रचा इतिहास, लगातार दो फीफा वर्ल्ड कप में ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बने
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Vidhan Chandra Mishra
प्रभात खबर के सेंट्रल डेस्क में स्पोर्ट्स डेस्क के प्रभारी के तौर पर 10 वर्ष से कार्यरत हैं. प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का लंबा अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज के साथ ही खबरों को नया एंगल देना विशेषता है.
डेटा के समुंद्र में गोते लगाकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की एनालिसिस करना बखूबी पता है. पिछले दो दशकों के दौरान फीफा विश्व कप, क्रिकेट विश्व कप, राष्ट्रमंडल खेल, एशियन गेम्स, आइपीएल सहित तमाम बड़े खेल इवेंट को लेकर काम करने का विशेष अनुभव है. 2006 में दैनिक जागरण कोलकाता में रिपोर्टर के तौर पत्रकारिता की शुरुआत की थी, फिर कोलकाता में ही ‘प्रभात खबर’ और ‘राजस्थान पत्रिका’ में रिपोर्टर के तौर पर कार्य किया.
बांग्ला भाषा पर पकड़ की वजह से इस दौरान खेल के साथ-साथ बिजनेस, विमानपत्तन, नगर निगम सहित स्थानीय स्तर की खबरों और स्पेशल खबरों पर काम करने का मौका मिला. कोलकाता छोड़ने के बाद 2010 में प्रभात खबर पटना संस्करण से जुड़े, जहां डेस्क प्रभारी के तौर पर प्रादेशिक, खेल और सिटी डेस्क पर काम किया.
2013 में दैनिक भास्कर लॉचिंग टीम का हिस्सा रहे. करीब तीन वर्ष तक खेल प्रभारी के तौर भास्कर से जुड़े पर रहने के बाद फिर से प्रभात खबर सेंट्रल डेस्क से जुड़ गये और वर्तमान में खेल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं. दो दशकों से पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता और स्थानीय स्तर से लेकर देश दुनिया की सभी तरह की खबरों पर काम करने की दक्षता के कारण विधान चंद्र मिश्र को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
विशेष रुचि
क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन, टेनिस, खेल, विश्लेषण, खिलाड़ी, प्रोफाइल और एक्सक्लूसिव स्टोरीज
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










