जर्मनी को 3-1 से हराकर 5वें स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम, हॉकी इंडिया ने किया इनाम का ऐलान
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो—एक्स)
भारतीय महिला हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में अपना अभियान जर्मनी को 3-1 से हराकर 5वें स्थान पर समाप्त किया. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हॉकी इंडिया ने टीम को 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है.
Hockey World Cup 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें स्थान के साथ अपना अभियान खत्म किया. सलिमा टेटे की कप्तानी वाली टीम ने 5वें-6वें स्थान के मुकाबले में दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी को 3-1 से हराया. इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया ने टीम के लिए 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार का ऐलान किया है.
सिर्फ एक हार के साथ पूरा किया सफर
भारतीय महिला टीम का इस वर्ल्ड कप में प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. भारत ने छह मैचों में दो जीत, तीन ड्रॉ और सिर्फ एक हार के साथ टूर्नामेंट खत्म किया. टीम को एकमात्र हार मौजूदा चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ मिली. भारत ने चीन, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले ड्रॉ किए, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर टूर्नामेंट की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. इसके बाद जर्मनी के खिलाफ जीत ने टीम के अभियान को यादगार अंदाज में खत्म किया.
भारत ने दूसरे हाफ में पलटा मैच
जर्मनी ने मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय टीम पर दबाव बनाए रखा. पहले हाफ में जर्मनी के पास अधिक गेंद रही और उसने कई बार भारतीय सर्कल में प्रवेश किया. मेजबान टीम को पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर बिचु देवी ने शानदार बचाव करते हुए जर्मनी को बढ़त नहीं लेने दी. भारत ने भी धीरे-धीरे अपनी लय हासिल की. पहले हाफ के अंत तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं और स्कोर 0-0 रहा. ब्रेक के बाद भारतीय टीम ने पूरी तरह अपना खेल बदल दिया. तीसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक हॉकी खेली और कुछ ही मिनटों के अंदर मुकाबले की तस्वीर बदल दी.
ये भी पढ़ें: डेब्यू पर गोल्डन डक, दूसरे टेस्ट में 80 और 92; पसिंदु सूरियाबंदारा ने बताया क्यों हैं खास
43वें मिनट में इशिका ने खोला खाता
भारत को पहली सफलता 43वें मिनट में मिली. नेहा से गेंद मिलने के बाद इशिका चौधरी ने शानदार रन लगाया और जर्मन डिफेंस को चीरते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया. भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली. इसके ठीक एक मिनट बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला. शुरुआती प्रयास के बाद दोबारा मिले पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर ने शानदार स्ट्राइक करते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया. 44वें मिनट में भारत की बढ़त 2-0 हो गई. फिर 47वें मिनट में सलिमा टेटे के पास के बाद नवनीत ने शानदार कौशल दिखाते हुए दो डिफेंडरों को छकाया और गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी. जर्मनी ने 59वें मिनट में लिन क्रिंग्स ने रिबाउंड पर गोल कर अंतर कम किया. जर्मनी को आखिरी क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन भारत ने उसे नाकाम करते हुए मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: इरफान पठान से लेकर रोहित शर्मा तक, जानिए इन क्रिकेटर्स की वाइफ किस प्रोफेशनल बैकग्राउंड से आती हैं
हॉकी इंडिया ने खोला खजाना
महिला टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से खुश हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को भारतीय महिला टीम के लिए 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की. यह इनाम वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान पर रहने की उपलब्धि के सम्मान में दिया गया है.
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्म श्री डॉ. दिलीप टिर्की ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि 52 साल बाद वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान पर पहुंचना भारतीय महिला हॉकी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. उन्होंने टीम की मेहनत, जुझारूपन और लड़ने की भावना की तारीफ की. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुरस्कार खिलाड़ियों को आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा.
अब नजर एशियन गेम्स पर
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टीम के प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि सलिमा टेटे और उनकी टीम ने दुनिया की मजबूत टीमों के खिलाफ खुद को साबित किया है. अब भारतीय महिला हॉकी टीम की नजर अगले बड़े लक्ष्य यानी एशियन गेम्स पर होगी. वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान की उपलब्धि ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है और आने वाली प्रतियोगिताओं से पहले यह प्रदर्शन भारतीय महिला हॉकी के लिए सकारात्मक संकेत है.
ये भी पढ़ें: Suryakumar Yadav: वर्ल्ड कप जिताने के बाद टीम से बाहर हुए SKY ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ऐसा कैसे हो सकता है?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए