ना मानव सुथार, ना पडिक्कल, श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद इस इंडियन प्लेयर को मिला ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ का अवॉर्ड

Updated:
विज्ञापन

मानव सुथार, देवदत्त पडिक्कल और प्रसिद्ध कृष्णा (फोटो—एक्स)

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती. जहां देवदत्त पडिक्कल प्लेयर ऑफ द सीरीज बने और मानव सुथार ने सबसे ज्यादा विकेट लिए, वहीं ड्रेसिंग रूम में 'इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को मिला. जानें इसके पीछे की वजह.

विज्ञापन

Impact Player Award: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली. पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने 165 रन से जीत दर्ज की, जबकि कोलंबो में खेला गया दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा. सीरीज में देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार ने अपने प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में जब ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड दिया गया, तो बाजी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने मार ली. दिलचस्प बात यह है कि देवदत्त पडिक्कल को सीरीज का प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जबकि मानव सुथार सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. इसके बावजूद टीम के अंदर दिए गए खास ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ सम्मान के लिए प्रसिद्ध कृष्णा को चुना गया.

विज्ञापन

7 विकेट लेकर प्रसिद्ध कृष्णा ने छोड़ी छाप

श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में प्रसिद्ध कृष्णा ने कुल 7 विकेट हासिल किए. गॉल और कोलंबो की गर्म परिस्थितियों में तेज गेंदबाजी करना आसान नहीं था, लेकिन प्रसिद्ध ने अपनी लाइन और लेंथ में लगातार अनुशासन बनाए रखा. टीम इंडिया के परफॉर्मेंस एनालिस्ट हरि प्रसाद मोहन ने प्रसिद्ध को यह अवॉर्ड देते हुए उनकी जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध ने मुश्किल परिस्थितियों में भी गेंद से प्रभाव डाला और बल्लेबाजों के सामने लगातार सही सवाल खड़े किए. लेकिन प्रसिद्ध की सबसे खास बात सिर्फ उनकी गेंदबाजी नहीं थी. वह विपक्षी बल्लेबाजों को समझने के लिए आंकड़ों और वीडियो पर भी काफी काम कर रहे थे.

अवॉर्ड हासिल करने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने इस सम्मान का श्रेय सिर्फ खुद को नहीं दिया. उन्होंने टीम के खिलाड़ियों, रिजर्व खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि टेस्ट मैच में मैदान पर खेलने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ बाहर से टीम की मदद करने वाले लोगों का योगदान भी बेहद महत्वपूर्ण होता है.

श्रीलंका पहुंचते ही मांगने लगे बल्लेबाजों का डेटा

View on Instagram

हरि प्रसाद मोहन ने बताया कि कोलंबो पहुंचने के बाद प्रसिद्ध लगातार उनसे बल्लेबाजों से जुड़ा डेटा और वीडियो मांग रहे थे. वह विपक्षी बल्लेबाजों की कमजोरियों को समझकर अपनी गेंदबाजी की रणनीति तैयार करना चाहते थे. हरि प्रसाद ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर भारतीय टीम में किसी खिलाड़ी का दूसरा काम एनालिस्ट का हो सकता है, तो वह प्रसिद्ध कृष्णा हैं.

ये भी पढ़ें: 41 की उम्र में भी नहीं थम रहा रोनाल्डो का जलवा, Al Nassr को जिताकर दागा करियर का 978वां गोल

देवदत्त पडिक्कल ने बल्ले से मचाया धमाल

सीरीज में बल्लेबाजों की बात करें तो देवदत्त पडिक्कल का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा. उन्होंने दो टेस्ट मैचों में 328 रन बनाए और सीरीज के सबसे सफल बल्लेबाज रहे. गॉल में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में पडिक्कल ने शानदार 167 रन बनाए. दूसरी पारी में भी उन्होंने 44 रन की उपयोगी पारी खेली. भारत ने यह मुकाबला 165 रन से अपने नाम किया. इसके बाद कोलंबो टेस्ट में भी पडिक्कल का बल्ला खूब चला. उन्होंने पहली पारी में 117 रन की शानदार शतकीय पारी खेली. लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर पडिक्कल को सीरीज का प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया.

मानव सुथार ने भी छोड़ी बड़ी छाप

भारत की गेंदबाजी में मानव सुथार भी इस सीरीज के बड़े स्टार रहे. बाएं हाथ के स्पिनर ने पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 विकेट अपने नाम किए. उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर मैच में कुल 10 विकेट पूरे किए. भारत की 165 रन की जीत में उनकी भूमिका बेहद अहम रही. कोलंबो टेस्ट में सुथार ने दोनों पारी में 3-3 विकेट हासिल किया. इस तरह दो टेस्ट मैचों में उनके नाम कुल 16 विकेट रहे. यानी अगर सीरीज के आंकड़ों को देखें तो मानव सुथार का प्रदर्शन भी बेहद प्रभावशाली रहा.

ये भी पढ़ें: Hockey World Cup 2026: 3-3 की बराबरी के बाद शूटआउट में बेल्जियम से हारा भारत, 8वें स्थान के साथ खत्म हुआ सफर

भारत ने 1-0 से जीती टेस्ट सीरीज

भारत ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी. दूसरे टेस्ट में श्रीलंका ने शानदार संघर्ष करते हुए मुकाबला ड्रॉ करा दिया. ऐसे में भारत के पास सीरीज को 2-0 से क्लीन स्वीप करने का मौका जरूर था, लेकिन उसे 1-0 से ही संतोष करना पड़ा.

ये भी पढ़ें: Sonal Dinusha: कभी बहन ने उधार लेकर दिलाया था पहला बल्ला, अब भारत के खिलाफ 420 रन बनाकर बने श्रीलंका के स्टार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola