भारत के खिलाफ T20 मैच के लिए जापान की टीम घोषित, फ्लेमिंग संभालेंगे कमान; ऐसी है पूरी टीम
भारत बनाम जापान (फोटो- सोशल मीडिया)
भारत और जापान के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है. 22 सितंबर को दोनों टीमें पहली बार अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले में आमने-सामने होंगी. जापान ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसकी कमान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग संभालेंगे.
India vs Japan T20 Match: भारत और जापान के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. 22 सितंबर को दोनों टीमें पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले में आमने-सामने होंगी. इस टी20 मैच के लिए जापान क्रिकेट संघ ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम की कप्तानी केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग को सौंपी गई है.
भारत के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला एशियन गेम्स 2026 से पहले खेला जाएगा. खास बात यह है कि जापान ने एशियन गेम्स के लिए चुनी गई अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है. यानी यही खिलाड़ी भारत के खिलाफ सानो में उतरेंगे और इसके बाद एशियन गेम्स में जापान का प्रतिनिधित्व करेंगे.
फ्लेमिंग के हाथों में जापान की कमान
केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग जापान के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं. वह T20I क्रिकेट में जापान की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. ऐसे में भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ऐतिहासिक मुकाबले में कप्तानी की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी.
जापान की 15 सदस्यीय टीम में जून 2026 में चयन पैनल द्वारा घोषित नेशनल स्क्वॉड के 12 खिलाड़ी शामिल हैं. इसके अलावा A स्क्वॉड से तीन खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी गई है. इनमें त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुदा-नायेर्न और एलेस्टर कादोवाकी-फ्लेमिंग शामिल हैं.
भारत के खिलाफ जापान की 15 सदस्यीय टीम
केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिन्ज़े, बेंजामिन गो-इतो डेविस, कोहेई कुबोता, वातारू मियाउची, रेओ साकुरालो-थॉमस, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, शोमा सुगाया-स्लेटर, अलेक्जेंडर शिराई-पटमोर, लाचलान यामामोतो-लेक, माकोतो तानियामा, इब्राहिम ताकाहाशी, त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुदा-नायेर्न और एलेस्टर कादोवाकी-फ्लेमिंग.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: भारत-पाकिस्तान की चिंता पर जापान ने दिया जवाब, ‘चाहें तो खुद बुक कर सकते हैं होटल’
सानो में पहली बार भिड़ेंगे भारत और जापान
भारत और जापान के बीच यह मुकाबला 22 सितंबर को टोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. यह मैच एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट की शुरुआत से पहले दोनों टीमों के लिए अहम तैयारी का मौका भी होगा. जापान इस बार एशियन गेम्स की मेजबानी कर रहा है. क्रिकेट के मुकाबले 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे. भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है और टीम अपना पहला मैच 28 सितंबर को खेलेगी.
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरेगा भारत

भारत ने एशियन गेम्स के लिए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम चुनी है. माना जा रहा है कि यही टीम जापान के खिलाफ 22 सितंबर को होने वाले मुकाबले में भी मैदान पर उतर सकती है. एकमात्र टी20 मुकाबले के लिए अलग टीम चुनने की बजाय एशियन गेम्स वाली टीम को ही मैदान पर उतारना भारत के लिए एकमात्र विकल्प होगा.
भारतीय टीम 19 सितंबर को सानो पहुंचेगी और 21 सितंबर को अभ्यास करेगी. इसके अगले दिन 22 सितंबर को भारत-जापान के बीच ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेला जाएगा. मैच के बाद भारतीय टीम नागोया के लिए रवाना होगी, जहां 28 सितंबर को उसे एशियन गेम्स का क्वार्टर फाइनल खेलना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए