शेफाली का शतक और गेंदबाजों का कहर... भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से रौंदा, एशियन गेम्स में एक मेडल पक्का

Updated:
विज्ञापन

भारतीय महिला टीम (फोटो- सोशल मीडिया)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

शेफाली वर्मा ने एशियन गेम्स 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की ऐतिहासिक पारी खेली. भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने यह मैच 114 रन से जीता और फाइनल में अपनी जगह पक्की की.

विज्ञापन

IND W vs BAN W: शेफाली वर्मा की तूफानी शतक और भारतीय गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है और एशियन गेम्स में अपना एक और मेडल पक्का कर लिया है.

विज्ञापन

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए. शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की ऐतिहासिक पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 9 छक्के लगाए. यह एशियन गेम्स के इतिहास में महिला क्रिकेट का पहला शतक भी है. जवाब में बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 81 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत ने मुकाबला 114 रन से अपने नाम किया.

49 गेंदों में शेफाली का तूफानी शतक

Image
शतक लगाने के बाद अभिवादन करती हुए शेफाली वर्मा (फोटो- सोशल मीडिया)

शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही बांग्लादेशी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. उन्होंने पहले स्मृति मंधाना के साथ 72 रन की साझेदारी की. स्मृति ने 19 गेंदों पर 37 रन बनाए. इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली का साथ दिया और दोनों के बीच 94 रन की शानदार साझेदारी हुई. हरमनप्रीत ने 33 गेंदों पर 40 रन बनाए. शेफाली ने पारी की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया. इस तरह उन्होंने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए. उनकी पारी में 9 छक्के और 3 चौके शामिल रहे.

भारत की शुरुआत रही शानदार

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली और स्मृति ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े. स्मृति मंधाना 37 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद जी. कमलिनी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं. हालांकि शेफाली ने एक छोर संभाले रखा और हरमनप्रीत के साथ मिलकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया. भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए.

ये भी पढ़ें: T20I की क्वीन बनी स्मृति मंधाना, सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली बैटर बनी

भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को किया ढेर

Image
भारतीय टीम (फोटो- सोशल मीडिया)

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले से ही शिकंजा कस दिया. बांग्लादेश की बल्लेबाजों के पास भारतीय स्पिन और तेज गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था. बांग्लादेश की पूरी टीम 81 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत ने 114 रन से बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया.

भारत ने पक्का किया मेडल

एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का फॉर्मेट नॉकआउट है. सेमीफाइनल जीतने वाली दोनों टीमें सीधे गोल्ड मेडल के मुकाबले में पहुंचती हैं. भारत की टीम भी फाइनल में पहुंच चुकी है, इसलिए उसका कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो गया है. भारत ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था. अब टीम के पास जापान में अपने खिताब का बचाव करने का मौका है.

फाइनल में श्रीलंका से होगी भिड़ंत

भारतीय महिला टीम का फाइनल में सामना श्रीलंका से होगा. गोल्ड मेडल का मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा. श्रीलंका ने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई है. एशियन गेम्स महिला क्रिकेट का फाइनल 22 सितंबर को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में खेला जाना है.

ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: इलावेनिल वलारिवन ने शूटिंग में जीता सिल्वर, भारत को मिला दूसरा मेडल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola