तस्कीन की टक्कर से हेजलवुड का छूटा कैच, कमिंस ने अगले ही ओवर में लिया बदला
जोश हेजलवुड से टकराए तस्कीन अहमद (एक्स)
ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश टेस्ट में ड्रामा देखने को मिला. हेजलवुड से टक्कर के बाद तस्कीन का कैच छूट गया, लेकिन कमिंस ने अगले ही ओवर में उनका विकेट चटका दिया.
Josh Hazlewood: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन गेंद और बल्ले के साथ-साथ मैदान पर जमकर ड्रामा भी देखने को मिला. बांग्लादेश की पारी के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को भी हैरान कर दिया. ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आसान कैच लेने ही वाले थे, तभी बल्लेबाज तस्कीन अहमद उनसे टकरा गए और कैच हाथ से निकल गया.
कैच छूटा तो गुस्से में दिखे हेजलवुड
बांग्लादेश की टीम उस समय मुश्किल में थी. 28वें ओवर की तीसरी गेंद पर तस्कीन अहमद ने हवा में शॉट खेल दिया. गेंद सीधे हेजलवुड की तरफ गई और कैच बेहद आसान नजर आ रहा था. हेजलवुड गेंद पकड़ने के लिए आगे बढ़े, लेकिन इसी दौरान तस्कीन रन लेने के लिए दौड़ पड़े और दोनों की टक्कर हो गई. हेजलवुड कैच नहीं पकड़ सके और इसके बाद वह काफी नाराज नजर आए.
इसे भी पढ़े- स्पेन पर पुर्तगाल की शानदार जीत, यूरोप क्वालिफायर 2027 में बनाई जगह
हेजलवुड और कमिंस ने की आउट की अपील
कैच छूटने के बाद हेजलवुड ने अंपायर से तस्कीन को आउट देने की अपील की. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने भी इस फैसले पर सवाल उठाया. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लगा कि तस्कीन ने जानबूझकर हेजलवुड का रास्ता रोका है. हालांकि, अंपायर ने अपील खारिज कर दी.
अंपायर ने क्यों नहीं दिया आउट?
अंपायर के मुताबिक तस्कीन ने जानबूझकर फील्डिंग में बाधा नहीं डाली थी. वह रन लेने के लिए भाग रहे थे और उनकी नजर गेंद पर नहीं थी. ऐसे में इसे 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' नहीं माना गया. यानी तस्कीन को इस मामले में आउट नहीं दिया गया और बांग्लादेश को राहत मिल गई.
अगले ही ओवर में कमिंस ने कर दिया काम तमाम
हालांकि, तस्कीन इस जीवनदान का फायदा ज्यादा देर तक नहीं उठा सके. अगले ही ओवर में पैट कमिंस ने उन्हें आउट कर दिया. तस्कीन ने 7 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाया. इस तरह हेजलवुड के साथ टक्कर का यह पूरा मामला कुछ ही देर में खत्म हो गया.
इसे भी पढ़े- बाएं हाथ के स्पिन से निपटने के लिए गिल की खास तैयारी, प्रैक्टिस में दिखा आक्रामक अंदाज
64 रन पर बांग्लादेश ऑलआउट
पहले टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली बांग्लादेशी टीम दूसरे टेस्ट की पहली पारी में पूरी तरह बिखर गई. मकाय में खेले जा रहे मुकाबले में टीम सिर्फ 64 रन पर ऑलआउट हो गई. मिचेल स्टार्क ने कहर बरपाते हुए 6 विकेट झटके और शुरुआती 22 गेंदों में ही 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. पैट कमिंस ने 3 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट लिया. ऐसे में दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही दिन बांग्लादेश पर दबाव बना दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए