FIFA World Cup 2026: विश्व चैंपियन बनते ही मालामाल हुई स्पेन, ट्रॉफी के साथ मिले 481 करोड़ रुपये

Updated:
विज्ञापन

फेरन टॉरस गोल मारने के बाद (फोटो- सोशल मीडिया)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब स्पेन ने दूसरी बार अपने नाम कर लिया है. विश्व चैंपियन बनने के साथ ही टीम पर इनामी राशि की बारिश हुई. जानें विजेता और उपविजेता टीमों को कितनी धनराशि मिली.

विज्ञापन

फीफा विश्व कप 2026 का खिताब स्पेन ने अपने नाम कर लिया. न्यू जर्सी में खेले गए फाइनल में अर्जेंटीना को हराकर स्पेन 16 साल बाद फिर से विश्व चैंपियन बना. इस जीत के साथ स्पेन ने अपना दूसरा फीफा विश्व कप खिताब जीता. इस खिताब के साथ स्पेन टीम पर इनामी राशि की भी जमकर बारिश हुई. विश्व विजेता स्पेन को 50 मिलियन डॉलर (करीब 481 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिली.

विज्ञापन

उपविजेता अर्जेंटीना को मिले 317 करोड़ रुपये

फाइनल में हारने वाली अर्जेंटीना की टीम को 33 मिलियन डॉलर (करीब 317 करोड़ रुपये) मिले. लियोनेल मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप जीतने के इरादे से उतरी थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा. तीसरे स्थान पर रहने वाली इंग्लैंड की टीम को 29 मिलियन डॉलर (करीब 279 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिली, जबकि चौथे स्थान पर रही फ्रांस की टीम को 27 मिलियन डॉलर (करीब 259 करोड़ रुपये) दिए गए.

83,866 करोड़ रुपये का था कुल प्राइज पूल

फीफा ने वर्ल्ड कप 2026 के लिए कुल 871 मिलियन डॉलर (करीब 83,866 करोड़ रुपये) का प्राइज पूल निर्धारित किया था. यह विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा प्राइज पूल रहा. टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसके कारण पुरस्कार राशि में भी पिछले संस्करण की तुलना में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई.

हर टीम को मिली गारंटी राशि

फीफा ने यह सुनिश्चित किया कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली कोई भी टीम खाली हाथ न लौटे. विश्व कप शुरू होने से पहले सभी 48 टीमों को तैयारी के लिए 2.5 मिलियन डॉलर दिए गए थे. इसके अलावा हर टीम को कम से कम 10 मिलियन डॉलर (करीब 96.2 करोड़ रुपये) की गारंटी राशि भी मिली.

क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को भी बड़ा इनाम

जो चार टीमें क्वार्टरफाइनल तक पहुंचीं लेकिन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकीं, उन्हें 19 मिलियन डॉलर (करीब 183 करोड़ रुपये) मिले. वहीं नौवें से 16वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 15 मिलियन डॉलर और 17वें से 32वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 11 मिलियन डॉलर दिए गए.

ग्रुप स्टेज में बाहर होने पर भी करोड़ों की कमाई

ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाने वाली टीमों को भी 10 मिलियन डॉलर की राशि मिली. इसमें वह 2.5 मिलियन डॉलर शामिल नहीं हैं, जो टूर्नामेंट की तैयारी के लिए पहले ही दिए जा चुके थे. यानी विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाली हर टीम करोड़ों रुपये लेकर घर लौटी.

ये भी पढ़ें: फेरन टॉरस ने एक्स्ट्रा टाइम में दिलाया खिताब, स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर जीता फीफा विश्व कप 2026


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola