FIFA World Cup 2026: नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, जूड बेलिंगहैम रहे हीरो

Updated:
विज्ञापन
नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड

नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड

फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. जूड बेलिंगहैम ने दोनों गोल दागे. जानें मैच का हाल.

विज्ञापन

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वार्टर फाइनल में मियामी की गर्मी में इंग्लैंड ने नॉर्वे को अतिरिक्त समय में 2-1 से हराया. जूड बेलिंगहैम ने दोनों गोल दागकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया. अब इंग्लैंड का सामना अर्जेंटीना या स्विट्जरलैंड से होगा. इंग्लैंड अब 15 जुलाई को होने वाले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से भिड़ेगा.

नॉर्वे ने शुरुआती बढ़त बनाकर इंग्लैंड को चौंकाया

मैच की शुरुआत इंग्लैंड के लिए निराशाजनक रही. मिडफील्ड में हैरी केन से गेंद छिनने के बाद नॉर्वे ने तेज हमला बोला. एंड्रियास शेल्डेरुप का एक मिसहिट क्रॉस गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड के सिर के ऊपर से सीधे गोल में चला गया और नॉर्वे ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली. कुछ ही देर बाद नॉर्वे के पास बढ़त दोगुनी करने का सुनहरा मौका भी था, लेकिन अलेक्जेंडर सोर्लोथ ने सही समय पर एरलिंग हालैंड को पास नहीं दिया. इस चूक का फायदा इंग्लैंड को मिला.

स्टॉपेज टाइम में बेलिंगहम ने की बराबरी

पहले हाफ के अतिरिक्त समय में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की. एंथोनी गॉर्डन ने बाएं फ्लैंक से शानदार रन लगाते हुए गेंद बॉक्स के अंदर जूड बेलिंगहैम को दी. बेलिंगहैम ने अपने दाएं पैर पर गेंद को नियंत्रित किया और सटीक लो शॉट लगाकर गोलकीपर ओरजान नाइलैंड को कोई मौका नहीं दिया. इस गोल के साथ पहला हाफ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ.

दूसरे हाफ में गर्मी और थकान बनी सबसे बड़ी चुनौती

दूसरे हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर मियामी की उमस और तेज गर्मी का असर साफ दिखाई दिया. खेल की गति धीमी पड़ गई और गोल के मौके बेहद कम बने. नॉर्वे के टॉरब्योर्न हेगेम ने कॉर्नर से गोल जरूर किया, लेकिन रेफरी क्लेमेंट टर्पिन  ने VAR की मदद से फैसला पलट दिया. कॉर्नर लेने से पहले एरलिंग हालैंड द्वारा इंग्लैंड के खिलाड़ी इलियट एंडरसन को धक्का देने के कारण फाउल दिया गया और गोल रद्द कर दिया गया. निर्धारित 90 मिनट में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर रहीं और मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंच गया.

एक बार फिर बेलिंगहम बने मैच विनर

एक्स्ट्रा टाइम में जूड बेलिंगहैम ने फिर अपनी क्लास दिखाई. मॉर्गन रोजर्स के जोरदार शॉट को नॉर्वे के गोलकीपर ओर्जान नाइलैंड पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके और गेंद उनके हाथों से छिटक गई. बेलिंगहैम ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए रिबाउंड पर गोल दाग दिया और इंग्लैंड को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी.

अंतिम मिनटों में इंग्लैंड ने बचाई बढ़त

मैच के आखिरी समय में नॉर्वे ने गोल करने की बहुत कोशिश की. इंग्लैंड के जेड स्पेंस ने पेनल्टी की मांग की, लेकिन रेफरी ने VAR देखकर फैसला बदल दिया. इसके बाद इंग्लैंड ने डैन बर्न को मैदान पर भेजकर अपनी डिफेंस मजबूत की और मैच खत्म होने तक अपनी बढ़त बनाए रखी.

बेलिंगहैम पहुंचे टूर्नामेंट में छह गोल पर

इस मुकाबले में दो गोल करने के साथ जूड बेलिंगहैम के इस विश्व कप में कुल छह गोल हो गए हैं. शानदार फॉर्म में चल रहे बेलिंगहैम अब गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बन गए हैं.

सेमीफाइनल में अब अगली चुनौती

इंग्लैंड लगातार तीसरे वर्ल्ड कप में दूसरी बार सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रहा है. अब उसकी नजर फाइनल के टिकट पर होगी, जहां उसका सामना 15 जुलाई को अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा. इंग्लैंड की टीम बेलिंगहैम की शानदार फॉर्म के दम पर खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है.

इसे भी पढ़े- फीफा वर्ल्ड कप: 80 की उम्र में ट्रंप की तरह गोल्फ खेलना चाहता है यह फुटबॉलर, नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले शेयर किया किस्सा


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola