Duleep Trophy Final: केएल राहुल, पडिक्कल और सिराज की वापसी, श्रीलंका सीरीज के बाद इस टीम से खेलेंगे
सिराज, केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल (फोटो—एक्स)
श्रीलंका सीरीज के बाद केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज दलीप ट्रॉफी फाइनल में साउथ जोन की तरफ से खेलेंगे. तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम ईस्ट जोन को टक्कर देगी.
Duleep Trophy 2026: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने वाले केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज अब दलीप ट्रॉफी के फाइनल में नजर आएंगे. तीनों खिलाड़ी साउथ जोन की टीम का हिस्सा होंगे, जिसका सामना 6 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन से होगा. सितंबर में भारतीय टीम का कोई इंटरनेशनल मुकाबला निर्धारित नहीं होने के कारण इन खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में खेलने का मौका मिला है. राहुल और पडिक्कल कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि मोहम्मद सिराज घरेलू क्रिकेट में हैदराबाद के लिए खेलते हैं.
श्रीलंका सीरीज के बाद होगी वापसी
केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे. पडिक्कल ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और अपनी दावेदारी को मजबूत किया. अब दलीप ट्रॉफी का फाइनल उनके लिए एक और बड़ा मौका होगा. खासकर आगामी न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज को देखते हुए पडिक्कल के पास एक और बड़ी पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का मौका रहेगा. राहुल और पडिक्कल ने आखिरी बार फरवरी 2026 में कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी फाइनल खेला था. उस मुकाबले में कर्नाटक का सामना जम्मू-कश्मीर से हुआ था, लेकिन टीम खिताब जीतने में कामयाब नहीं रही थी.
राहुल करेंगे ओपनिंग, पडिक्कल को नंबर-3 की जिम्मेदारी
साउथ जोन ने नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में ऋकी भुई और नारायण जगदीशन को ओपनिंग के लिए भेजा था, जबकि शेख रशीद तीसरे नंबर पर उतरे थे. हालांकि, फाइनल में साउथ जोन के टॉप ऑर्डर में बदलाव की उम्मीद है. केएल राहुल के पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है, जबकि देवदत्त पडिक्कल नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं.
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नंबर-3 पर खेलते हुए पडिक्कल ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसके बाद फाइनल में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी. वहीं राहुल का अनुभव साउथ जोन के टॉप ऑर्डर को मजबूती देगा.
सिराज संभालेंगे तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान
साउथ जोन के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज के कंधों पर होगी. नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में तनय त्यागराजन ने गेंद से अच्छा योगदान दिया था और पहली पारी में दो विकेट हासिल किए थे, लेकिन दूसरी पारी में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली. फाइनल में सिराज की वापसी से साउथ जोन के पेस अटैक को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव और मजबूती मिलेगी. लगातार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सिराज का अनुभव ईस्ट जोन के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ काफी अहम हो सकता है.
ये भी पढ़ें: स्मृति मंधाना ने तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड, पूर्व कप्तान ने कहा- ‘गर्व का पल’
तिलक की कप्तानी में फाइनल में पहुंचा साउथ जोन
साउथ जोन की कप्तानी भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा कर रहे हैं. टीम ने बुधवार को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई. साउथ जोन की टीम अब फाइनल में केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ियों की वापसी से और मजबूत नजर आएगी.
ईस्ट जोन में ईशान किशन, शमी और वैभव सूर्यवंशी पर नजर
पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन ने डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. ईस्ट जोन की टीम में कप्तान ईशान किशन के अलावा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, अभिमन्यु ईश्वरन, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर खास नजरें रहेंगी. वहीं मोहम्मद शमी की मौजूदगी ईस्ट जोन के गेंदबाजी आक्रमण को अनुभव और मजबूती देती है. हालांकि दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा के खेलने का फैसला गौतम गंभीर की मंजूरी पर निर्भर है.
ये भी पढ़ें: MS Dhoni IPL 2027: इम्पैक्ट प्लेयर नहीं बनेंगे एम एस धोनी, बद्रीनाथ ने बताया, क्या है माही की पसंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए