“पर्ची सेलिब्रेशन” का दीपक चाहर ने उड़ाया मजाक, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

Author Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन

दीपक चाहर फेक पर्ची निकालने का नाटक करते हुए

Deepak Chahar Chit Celebration: आईपीएल 2026 के 65वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. इस मुकाबले के बाद, मुंबई इंडियंस के गेंदबाज दीपक चाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

Deepak Chahar Chit Celebration: ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक बेहद अहम मैच खेला जा रहा था. इस मुकाबले में मुंबई के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने अपनी शानदार गेंदबाजी और अनोखे अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया. मैच की पहली ही गेंद से केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिन एलन काफी तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दीपक चाहर ने उन्हें बोल्ड कर दिया. विकेट लेने के बाद चाहर ने मैदान पर एक मजेदार ड्रामा किया. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

क्या हुआ था उस ओवर में

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज दीपक चाहर ने मैच के पहले ही ओवर में अपनी टीम को एक शानदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने कोलकाता के खतरनाक बल्लेबाज फिन एलन को क्लीन बोल्ड कर दिया. चाहर ने ऑफ-स्टंप के बाहर बैक-ऑफ-द-लेंथ गेंद फेंकी. इस गेंद पर एलन ने बड़ा शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे स्टंप्स से जा टकराई. फिन एलन शुरुआती गेंदों पर दो चौके मारकर काफी खतरनाक लग रहे थे, लेकिन चाहर ने उन्हें क्रीज पर टिकने ही नहीं दिया.

चाहर का अनोखा सेलिब्रेशन

विकेट लेने के बाद दीपक चाहर ने मैदान पर ऐसा नाटक किया जिसे देखकर फैंस अपनी हंसी नहीं रोक पाए. उन्होंने अपनी जेब से एक झूठी पर्ची निकालने का नाटक किया, उसे खोला और दर्शकों को दिखाया. यह सेलिब्रेशन आईपीएल 2026 में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘चिट सेलिब्रेशन’ का मजाक उड़ाने के लिए था.

मुंबई की बल्लेबाजी लड़खड़ाई

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बहुत खराब रही. कोलकाता के गेंदबाजों ने मौसम और पिच की नमी का पूरा फायदा उठाया. शुरुआती 6 ओवर में ही मुंबई के 41 रन पर 4 विकेट गिरा दिए. केकेआर की तरफ से कैमरन ग्रीन और सौरभ दुबे ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट लिए. ग्रीन ने गेंदबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल किया. ग्रीन ने दौड़ते हुए रोहित शर्मा का एक शानदार कैच लपका. इसके बाद मुंबई का मिडिल ऑर्डर  ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और टीम ने लगातार अपने विकेट गंवाते चले गए.

बारिश के बाद स्पिनर्स का जलवा

मैच में जब बारिश के बाद दोबारा खेल शुरू हुआ, तो केकेआर के स्पिनर्स सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने मुंबई के बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया. इन दोनों ने मिलकर किफायती गेंदबाजी की. नरेन ने मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या को आउट किया और अपने कोटे में सिर्फ 13 रन देकर 1 विकेट लिया.

कॉर्बिन बॉश ने बचाई मुंबई की लाज

मुंबई इंडियंस की तरफ से तिलक वर्मा पिच पर काफी परेशान दिखे और रन बनाने के लिए जूझते नजर आए. वह खुलकर बड़े शॉट्स नहीं खेल पा रहे थे. लेकिन आखिरी के ओवरों में कॉर्बिन बॉश ने मुंबई की लाज बचा ली. उन्होंने नाबाद रहते हुए 32 रनों की एक बहुत तेजतर्रार पारी खेली. बॉश की इस शानदार बल्लेबाजी की मदद से मुंबई इंडियंस ने आखिरी 3 ओवरों में तेजी से 41 रन बटोरे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola