युवराज सिंह ने वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर जतायी चिंता, तो इरफान पठान ने दिया कुछ ऐसा जवाब

टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने जब वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर चिंता जतायी तो इरफान पठान ने इसका काफी मजेदार जवाब दिया. युवराज ने शुभमन गिल और विराट कोहली को शतक की बधाई दी और आधे खाली स्टेडियम को देखकर वनडे के भविष्य को लेकर चिंता जतायी.
टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर युवराज सिंह ने वनडे इंटरनेशनल के भविष्य को लेकर चिंता जाहिर की है. उनकी चिंता पर पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने चुटकिले अंदाज में जवाब दिया है. रविवार को भारत और श्रीलंका के बीच तीसरे वनडे मैच के दौरान विराट कोहली और शुभमन गिल ने शतक जड़ा. युवराज ने दोनों ही खिलाड़ियों को बधाई दी और तिरुवनंतपुरम में ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में कम दर्शकों पर चिंता भी जाहिर की.
युवराज सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि अच्छा खेला शुभमन गिल, दूसरी छोर पर विराट कोहली भी चट्टान की तरह जमे रहे. … लेकिन मेरे लिए आधा खाली स्टेडियम चिंता का विषय है. क्या वनडे क्रिकेट खत्म हो जायेगा. इरफान पठान ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और कहा कि युवराज की मैदान पर वापसी प्रशंसकों को आकर्षित करने के लिए काफी होगी. उन्होंने लिखा कि पैड्स पहन लो भाई, दर्शक आ जायेंगे.
श्रीलंका के खिलाफ तीनों वनडे में भारत ने एकतरफा प्रदर्शन किया और मेहमान टीम को कहीं भी टिकने नहीं दिया. विराट कोहली ने पहले वनडे में भी शतक जड़ा. हालांकि दूसरे मुकाबले में वह चल नहीं पाये और भारत ने मुश्किल से वह मुकाबला चार विकेट से जीता. रविवार को आखिरी मैच में ग्रीनफील्ड स्टेडियम में बड़ी संख्या में खाली सीटें देखी गयीं. आधिकारिक रूप से दावा किया गया कि 38,000 क्षमता वाले स्टेडियम में केवल 17,000 लोग ही आये थे.
Also Read: IND vs SL: विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, वनडे में रचा इतिहास
Bhai pads pehan lo. Aajegi jantaaa
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) January 15, 2023
केरल क्रिकेट संघ के मीडिया मैनेजर कृष्ण प्रसाद ने पीटीआई से कहा कि हमारे पास कभी भी आधा खाली स्टेडियम नहीं था. इसके कई कारण हैं. हमें आजकल वनडे में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिख रही है. उन्होंने कहा कि इसके अलावा यह सीरीज कोलकाता में दूसरे मुकाबले में ही लगभग समाप्त हो गयी थी (भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त ले ली थी) और ऐसे में कई लोगों ने इस औपचारिक मुकाबले के लिए स्टेडियम में नहीं आने का फैसला किया होगा. बता दें कि तीन मैचों की सीरीज में केवल ईडन गार्डन्स में 50,000 से अधिक की भीड़ देखी गयी. यहां तक कि गुवाहाटी भी सभी टिकटों को बेचने में असफल रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




