ePaper

महाकाल की शरण में पहुंचे कोहली, कुलदीप ने भी लगाई हाजिरी, तीसरे वनडे से पहले मांगा जीत का आशीर्वाद

Updated at : 17 Jan 2026 12:48 PM (IST)
विज्ञापन
Virat Kohli at Mahakaleshwar Temple

विराट और कुलदीप पहुंचे बाबा महाकाल के दरबार, Pic- Social Media/X

Virat Kohli at Mahakaleshwar Temple: न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में होने वाले निर्णायक वनडे से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए. राजकोट में मिली हार के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर है. कुलदीप ने बताया कि 9 साल बाद उन्हें यहां आने का मौका मिला.

विज्ञापन

Virat Kohli at Mahakaleshwar Temple: इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले आखिरी मुकाबले से पहले भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली (Virat Kohli) धार्मिक रंग में रंगे नजर आए. शनिवार को विराट कोहली और स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर (Mahakaleshwar Temple) पहुंचे. यहां दोनों खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया. होलकर क्रिकेट स्टेडियम में 18 जनवरी को होने वाले सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मैच से पहले यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है. राजकोट में खेले गए दूसरे मैच में मिली हार के बाद अब सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, जिससे इंदौर का मैच फाइनल जैसा हो गया है.

महाकाल के दरबार में पहुंचे विराट

विराट और कुलदीप शनिवार की सुबह तड़के करीब 4 बजे ही महाकाल मंदिर पहुंच गए. दोनों खिलाड़ियों ने वहां भस्म आरती में हिस्सा लिया और लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल के दर्शन किए. पूजा के समय मंदिर के पुजारियों ने उनके माथे पर चंदन का तिलक भी लगाया. मंदिर के अंदर विराट बहुत ही शांत और एकदम साधारण अंदाज में दिखाई दिए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दर्शन का वीडियो

न्यूज एजेंसी ANI ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें विराट कोहली और कुलदीप यादव पूजा करते हुए दिख रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. मंदिर से बाहर निकलते समय जब मीडिया ने उन्हें देखा तो विराट ने जय श्री महाकाल कहकर सबका अभिवादन किया. भारी सुरक्षा के बीच दोनों खिलाड़ी मंदिर से बाहर निकले, जहां मौजूद लोगों ने इस पल को अपने कैमरों में कैद कर लिया.

9 साल बाद कुलदीप ने किए बाबा के दर्शन

महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा करने के बाद कुलदीप यादव काफी खुश नजर आए. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अपने अनुभव को साझा किया. कुलदीप ने कहा कि यह एक बहुत ही सुखद अनुभव था. उन्होंने बताया मुझे यहां आए हुए 9 साल हो गए थे, जब मैंने पहली बार यहां दर्शन किए थे. यहां आकर बहुत खुशी और शांति मिलती है. भगवान की कृपा से सब कुछ अच्छा चल रहा है और अगर उनकी कृपा बनी रही तो हम विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे. खिलाड़ियों के इस दौरे को आने वाले वर्ल्ड कप के लिए भी एक अच्छी शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.

इंदौर में होगा आर-पार का मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने रोमांचक मोड़ पर है. वडोदरा में खेले गए पहले मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी, लेकिन राजकोट में कहानी बदल गई. दूसरे वनडे में माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने पलटवार किया और भारत को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. इस हार के कारण भारत सीरीज में अजेय बढ़त बनाने से चूक गया. अब 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाला तीसरा मैच सीरीज का निर्णायक मैच होगा, जहां जो जीतेगा, सीरीज उसी के नाम होगी.

केएल राहुल की पारी पर भारी पड़े मिचेल

राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे मैच की बात करें तो भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छा दम दिखाया था. केएल राहुल ने अपनी क्लास दिखाते हुए 112 रनों की नाबाद पारी खेली थी. उनकी इस पारी ने भारत को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया था, लेकिन न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. मिचेल ने नाबाद 131 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत की दहलीज पार कराई और सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. अब भारतीय टीम इंदौर में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

ये भी पढ़ें-

IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर में होगा सीरीज का फैसला, जानिए कब और कहां देख सकेंगे टीम इंडिया की टक्कर?

IND vs NZ: आखिरी जंग के लिए इंदौर पहुंची टीम इंडिया, क्या राहुल फिर करेंगे बड़ा कारनामा?

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola