पाकिस्तान को श्रीलंका की दो टूक, भारत से नहीं खेले तो होगा बड़ा नुकसान
Published by : Aditya Kumar Varshney Updated At : 06 Feb 2026 12:35 PM
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और पीसीबी
T20 World Cup 2026: श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान को चिट्ठी लिखकर भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार न करने की अपील की है. बोर्ड ने चेतावनी दी है कि कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले इस मैच के रद्द होने से सभी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा.
Highlights
टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच होने वाले महामुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. इस बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को एक चिट्ठी लिखकर बड़ा अनुरोध किया. श्रीलंका ने पाकिस्तान से कहा है कि वह 15 फरवरी को होने वाले मैच के बायकॉट के अपने फैसले पर फिर से विचार करे. श्रीलंका की एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान यह मैच नहीं खेलता है, तो इससे न सिर्फ क्रिकेट को बल्कि उससे जुड़े सभी लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
श्रीलंका और भारत मिलकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज मैच होना तय है. लेकिन पाकिस्तान सरकार के एक फैसले के बाद इस मैच पर सस्पेंस बन गया है.
आर्थिक नुकसान और पर्यटन पर असर
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी चिट्ठी में साफ किया है कि भारत और पाकिस्तान का मैच किसी भी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण होता है. अगर पाकिस्तान इस हाई-प्रोफाइल मैच में हिस्सा नहीं लेता है, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. बोर्ड ने कहा कि इस बहिष्कार से बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान होगा. इसका सीधा असर टूर्नामेंट की कमाई, टूरिज्म से होने वाली आय और श्रीलंका की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. बोर्ड ने यह भी कहा कि उन्हें और सरकार को पता है कि इस फैसले का असर सिर्फ क्रिकेट बोर्ड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे जुड़े कई दूसरे स्टेकहोल्डर्स को भी नुकसान होगा.
स्टेडियम तैयार और टिकट फुल
अपनी चिट्ठी में श्रीलंका ने बताया है कि उनका देश इस टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है. मैचों के लिए कमर्शियल, ऑपरेशनल और सुरक्षा से जुड़ी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मेहमानों के रुकने से लेकर टिकटों की बिक्री तक सब कुछ सेट है. खास बात यह है कि श्रीलंका में होने वाले मैचों के टिकट पहले ही बिक चुके हैं. खासकर भारत बनाम पाकिस्तान मैच के टिकटों की जबरदस्त मांग देखने को मिली है. ऐसे में अगर मैच नहीं होता है, तो फैंस को भी बहुत निराशा होगी.
मुश्किल वक्त में हम साथ खड़े थे
न्यूजवायर की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान को पुराने दिनों की याद भी दिलाई है. बोर्ड ने लिखा है कि अतीत में जब दूसरे देश सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान जाने से कतराते थे, तब श्रीलंका की टीम ने वहां का दौरा किया था. हमने मुश्किल और संवेदनशील हालातों में भी कई बार पाकिस्तान जाकर क्रिकेट खेला. वह दौरे हमने खेल भावना और दोनों बोर्ड के बीच आपसी सम्मान को ध्यान में रखते हुए किए थे. हमने हमेशा अच्छे पड़ोसी और दोस्त होने का फर्ज निभाया है.
अब आपकी बारी है
पुराने रिश्तों का हवाला देते हुए एसएलसी ने कहा कि अब वे पाकिस्तान से भी वैसी ही उम्मीद रखते हैं. जैसे हमने मुश्किल समय में साथ दिया, वैसे ही अब पाकिस्तान को भी बड़प्पन दिखाना चाहिए. श्रीलंका ने जोर देकर कहा कि देश में होने वाले सभी मैचों के लिए सुरक्षा, निष्पक्षता और प्रोफेशनलिज्म की पूरी गारंटी दी गई है. किसी भी टीम को सुरक्षा को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है. ऐसे में पाकिस्तान को अपने फैसले पर दोबारा सोचना चाहिए.
क्या है पूरा विवाद?
आपको बता दें कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. इसमें कहा गया कि पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी. इसके पीछे कोई वजह नहीं बताई गई थी. इसके बाद आईसीसी ने भी बयान जारी किया था. आईसीसी ने कहा था कि किसी ग्लोबल इवेंट में “चुनिंदा भागीदारी” यानी अपनी मर्जी से मैच चुनना खेल के बुनियादी नियमों के खिलाफ है. आईसीसी ने उम्मीद जताई है कि पीसीबी सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए कोई ऐसा हल निकालेगा जो सबको मंजूर हो.
ये भी पढ़ें-
स्मृति मंधाना की टीम ने रचा इतिहास, आरसीबी पर हुई पैसों की बारिश, हार के बाद भी दिल्ली मालामाल
ऑस्ट्रेलिया को लगा झटका, पैट कमिंस के बाद अब हेजलवुड भी वर्ल्ड कप टीम से बाहर
छठी बार विश्व विजेता बनने उतरेगी टीम इंडिया, फाइनल में इंग्लैंड से महामुकाबला आज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










