IPL 2026 से पहले चमकी रिंकू सिंह की किस्मत, यूपी सरकार ने दी नौकरी

रिंकू सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ, Pic- Social Media/X
Rinku Singh Government Job: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. खेल में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें रीजनल स्पोर्ट्स अफसर (RSO) नियुक्त किया गया है. सीएम योगी आदित्यनाथ 24 मार्च को लखनऊ में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. आईपीएल 2026 से पहले रिंकू के लिए यह बड़ी खुशखबरी है.
Highlights
Rinku Singh Government Job: क्रिकेटर रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से एक बड़ा ईनाम मिला है. यूपी सरकार ने रिंकू को क्षेत्रीय खेल अधिकारी (RSO) के पद पर नियुक्त करने का फैसला किया है. राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 मार्च को शाम 5 बजे लखनऊ के लोकभवन में रिंकू को उनका नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. रिंकू इस समय 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL 2026 की तैयारियों में लगे हुए हैं. सरकार यह सम्मान उनके बेहतरीन खेल और भारतीय टीम के प्रति उनके गहरे समर्पण के लिए दे रही है. रिंकू ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 2026 का T20 विश्व कप जीतने वाली टीम में बहुत अहम भूमिका निभाई थी.
स्पोर्ट्स कोटे से मिली RSO की पोस्ट
उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने राज्य के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए एक बड़े पैकेज की घोषणा की है. इसी योजना के तहत रिंकू सिंह को स्पोर्ट्स कोटे से रीजनल स्पोर्ट्स अफसर बनाया जा रहा है. इस सरकारी पद पर रिंकू की सैलरी 50 हजार से लेकर 60 हजार रुपये महीने के बीच होगी. इस सैलरी में उनका महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और दूसरे भत्ते भी शामिल रहेंगे. इंटरनेशनल लेवल पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार सीधे नौकरी दे रही है.
पिता के कैंसर के इलाज के दौरान दिखाया समर्पण
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के टूर्नामेंट के दौरान रिंकू सिंह बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. उस समय उनके पिता स्टेज फोर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनका इलाज ग्रेटर नोएडा के एक बड़े अस्पताल में चल रहा था. रिंकू लगातार भारतीय टीम और अस्पताल के बीच चक्कर लगा रहे थे. बाद में उनके पिता का निधन हो गया था. इतनी बड़ी पारिवारिक परेशानी के बावजूद रिंकू ने क्रिकेट से अपना ध्यान नहीं हटाया. उनके इसी हौसले को यूपी सरकार ने सलाम किया है.
ओलंपिक और पैरालिंपिक विजेताओं को भी नौकरी
रिंकू सिंह के साथ 6 अन्य इंटरनेशनल खिलाड़ियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. यह भर्तियां उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली 2022 के आधार पर हो रही हैं. पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य राज कुमार पाल को पुलिस उप अधीक्षक (DSP) बनाया जाएगा. इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स के हाई जंप इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रवीण कुमार को भी DSP के पद पर नियुक्त किया जाएगा.
अजीत, सिमरन और प्रीति पाल बने अधिकारी
बाकी खिलाड़ियों को भी खेल के आधार पर अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. पैरा एथलीट में जैवलिन थ्रो का सिल्वर मेडल जीतने वाले अजीत सिंह को जिला पंचायत राज अधिकारी बनाया गया है. 200 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली धावक सिमरन को भी जिला पंचायत राज अधिकारी का पद मिला है. वहीं 100 और 200 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज जीतने वाली प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
IPL 2026 पर है रिंकू का फोकस
सरकारी नौकरी पक्की होने के बाद अब रिंकू सिंह अपना पूरा ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग पर लगा रहे हैं. IPL 2026 का टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू हो रहा है. रिंकू की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स अपना पहला मैच 29 मार्च को खेलेगी. यह मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होगा. रिंकू साल 2018 से कोलकाता की टीम का अहम हिस्सा हैं. उन्होंने 59 IPL मैचों में 145.17 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1099 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 30.52 का रहा है.
ये भी पढ़ें-
सुपरमैन बने मनीष पांडे! 36 की उम्र में हवा में उड़कर लपका कैमरून ग्रीन का कैच
IPL 2026 में किस नंबर पर खेलेंगे केएल राहुल? अक्षर ने साफ की रणनीति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




