यह क्रिकेट की जीत, पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद राजीव शुक्ला का बयान

राजीव शुक्ला का भारत-पाक मैच पर बयान
Rajeev Shukla Statement: बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पुष्टि की है कि 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच अपने तय समय पर होगा. आईसीसी की पहल के बाद पाकिस्तान खेलने को तैयार हो गया है. बांग्लादेश के साथ विवाद भी सुलझा लिया गया है.
Highlights
Rajeev Shukla Statement: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला (Rajeev Shukla) ने पुष्टि कर दी है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच मैच अपने तय समय पर ही होगा. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस मुकाबले के लिए तैयार है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की कोशिशों से यह मामला सुलझा लिया गया है, जिसे राजीव शुक्ला ने क्रिकेट की जीत बताया है. यह खबर क्रिकेट फैंस के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है.
राजीव शुक्ला का बयान
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आईसीसी ने इस मसले को सुलझाने में बहुत ही अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा समाधान है जिसमें सभी पक्षों की सहमति है और सबसे ऊपर क्रिकेट को रखा गया है.
शुक्ला ने कहा कि मैं आईसीसी प्रतिनिधियों द्वारा की गई बातचीत के नतीजों से बहुत खुश हूं. वे लाहौर गए और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ-साथ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से भी बात की. यह एक अच्छा और सौहार्दपूर्ण समाधान है. 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला मैच अब तय कार्यक्रम के अनुसार होगा और पाकिस्तान इसमें खेलेगा. यह हम सभी के लिए अच्छी खबर है.
पाक सरकार ने दी टीम को हरी झंडी
इस मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को अपनी क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी दे दी. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी से बातचीत के बाद यह निर्देश जारी किया. इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में इस मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तानी पीएम से फोन पर बात की और उनसे मामले को सुलझाने का आग्रह किया था. इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक बयान जारी कर टीम को 15 फरवरी को मैदान में उतरने का आदेश दिया.
बांग्लादेश के बहिष्कार से शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब आईसीसी ने बांग्लादेश की टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था.
इसके अलावा, केकेआर के गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर भी विवाद हुआ था. बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए पाकिस्तान ने पहले भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच न खेलने का फैसला किया था. लेकिन अब बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई है.
लाहौर बैठक में निकला बीच का रास्ता
आईसीसी ने इस विवाद को खत्म करने के लिए लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पीसीबी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ एक अहम बैठक की थी. इस बैठक के सकारात्मक नतीजे निकले.
राजीव शुक्ला ने बताया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी इस समझौते से संतुष्ट है. बांग्लादेश के बोर्ड अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भी पाकिस्तान से मैच खेलने का आग्रह किया था, जिसके बाद पाकिस्तान सरकार ने अपना फैसला बदला. पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उन्होंने श्रीलंका, यूएई और अन्य सदस्य देशों के अनुरोध का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया है.
बांग्लादेश को मिला 2031 से पहले मेजबानी का मौका
इस समझौते के तहत बांग्लादेश को भी बड़ी राहत मिली है. आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर इस विवाद को लेकर कोई भी आर्थिक या खेल से जुड़ा जुर्माना नहीं लगाया जाएगा. साथ ही, एक बड़ी खबर यह भी है कि बांग्लादेश को 2031 वनडे वर्ल्ड कप से पहले एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी दी जाएगी. यह फैसला बांग्लादेश की मेजबानी क्षमता पर भरोसा जताने के लिए किया गया है. आईसीसी ने कहा कि वे देश में क्रिकेट के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं. इस तरह यह समझौता सभी पक्षों के लिए ‘win-win’ स्थिति लेकर आया है.
ये भी पढ़ें-
पाकिस्तान मैच से पहले यूएसए को लगा झटका, चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए जसदीप सिंह
भारत-पाक मैच पर यू-टर्न के बाद मोहसिन नकवी का बयान, बोले- हमने अपने लिए कुछ नहीं किया
वीडियो: श्रीलंका में पाकिस्तान टीम की फजीहत! मेहमान नवाजी को लेकर सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




