IPL के सामने PSL की फजीहत, लाहौर में हवा में उड़े कर्मचारी, पानी में डूबा गद्दाफी मैदान

Updated at : 31 Mar 2026 11:00 PM (IST)
विज्ञापन
PSL 2026 Pakistan Stadium Condition

पीएसएल में तूफान और बारिश की बाधा, Pic- Screenshot/X

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के सातवें मैच से पहले लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में भारी बारिश और तूफान देखने को मिला. तेज हवा के कारण पिच कवर करने वाले ग्राउंड स्टाफ हवा में उड़ गए. बारिश से पीसीबी के करोड़ों रुपये के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गई.

विज्ञापन

PSL 2026: आईपीएल 2026 अपनी रफ्तार पकड़ चुका है. इसके शुरू होने से दो दिन पहले 26 मार्च को पाकिस्तान में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 11वां सीजन शुरू हुआ था. लेकिन PSL अपने मैचों से ज्यादा विवादों और खराब इंतजाम के कारण चर्चा में है. मंगलवार 31 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में इस्लामाबाद यूनाइटेड और पेशावर जाल्मी के बीच पीएसएल का सातवां मैच खेला जाना था. 

लेकिन मैच शुरू होने से ठीक पहले आए तूफान और बारिश ने स्टेडियम की व्यवस्था की पोल खोल दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट के इंफ्रास्ट्रक्चर का मजाक बन रहा है.

PSL 2026: हवा में उड़ गए ग्राउंड स्टाफ

इस मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होना तय था. लेकिन टॉस से पहले गद्दाफी स्टेडियम में मूसलाधार बारिश और तूफान आ गया. हवा की गति इतनी तेज थी कि पिच को बचाने वाले कवर्स पतंग की तरह उड़ने लगे. ग्राउंड स्टाफ के कई सदस्यों ने इन कवर्स को काबू करने की कोशिश की. इसी कोशिश में वे हवा के साथ खिंचे चले गए और संतुलन खोकर जमीन पर बुरी तरह गिर पड़े. इसके बाद आउटफील्ड पूरी तरह गीली हो गई और टॉस को अनिश्चित समय के लिए टालना पड़ा.

PSL 2026: गद्दाफी स्टेडियम के ड्रेनेज की खुली पोल

आंधी और बारिश ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तैयारियों को बेनकाब कर दिया है. पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए गद्दाफी स्टेडियम को अपग्रेड करने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे. इसके बावजूद ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया. कुछ देर की तेज बारिश के कारण मैदान पर इतना पानी भर गया कि गेंद लगभग आधी पानी में डूबी नजर आई. ग्राउंड स्टाफ ने मैदान सुखाने की कोशिश की लेकिन हालात खराब ही रहे.

PSL 2026: दोनों टीमों की स्थिति और तैयारी

बारिश से पहले दोनों टीमें इस मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार थीं. शादाब खान की कप्तानी वाली इस्लामाबाद यूनाइटेड मुल्तान सुल्तांस से मिली करारी हार के बाद वापसी करना चाहती थी. वहीं बाबर आजम की अगुवाई वाली पेशावर जाल्मी काफी आत्मविश्वास में थी, क्योंकि उन्होंने पिछले मैच में 215 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल किया था. लेकिन खराब मौसम ने प्रशंसकों की उम्मीदों को तोड़ दिया.

PSL 2026: तीन खिलाड़ियों पर PCB की सख्त सजा

खराब इंतजाम के साथ पीएसएल खिलाड़ियों के विवादों में भी घिरा है. पीसीबी ने अनुशासन तोड़ने पर तीन प्रमुख पाकिस्तानी खिलाड़ियों को सजा सुनाई है. सुरक्षा नियम तोड़ने पर तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पर 34 लाख रुपये का जुर्माना लगा है. वहीं नसीम शाह को विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के कारण 68 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा. इसके अलावा बल्लेबाज फखर जमां को मैच में बॉल टेंपरिंग करने के कारण सीधे दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है.

IPL के सामने PSL का खराब हाल

आईपीएल अपनी शानदार व्यवस्था के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है. इसके विपरीत पीएसएल बदइंतजामी का शिकार है. गद्दाफी स्टेडियम में तेज तूफान पर किसी का नियंत्रण नहीं था, लेकिन पानी निकालने के खराब इंतजाम ने बोर्ड को कटघरे में खड़ा कर दिया. करोड़ों का खर्च और मैदान का ऐसा हाल पाकिस्तान क्रिकेट की छवि को भारी नुकसान पहुंचा रहा है.

ये भी पढ़ें-

वाइड, नो बॉल मिलाकर 11 गेंदे… अर्शदीप सिंह ने फेंका IPL का सबसे लंबा ओवर

आखिरकार IPL में खुली इस खिलाड़ी की किस्मत, GT ने दिया मौका, 3 साल बाद मिला मौका

वाह क्या बॉलिंग है! अर्जुन तेंदुलकर की यॉर्कर गेंद देखकर चौंक जाएंगे आप

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola