ePaper

Photos: इंग्लैंड ने दर्ज की वर्ल्ड कप की पहली जीत, डेविड मलान के शतक से बांग्लादेश को 137 रनों से रौंदा

Updated at : 10 Oct 2023 8:04 PM (IST)
विज्ञापन
Photos: इंग्लैंड ने दर्ज की वर्ल्ड कप की पहली जीत, डेविड मलान के शतक से बांग्लादेश को 137 रनों से रौंदा

इंग्लैंड ने क्रिकेट वर्ल्ड कप की अपनी पहली जीत दर्ज की है. इंग्लैंड ने बांग्लादेश को 137 रनों से हरा दिया है. डेविड मलान ने शानदार शतक जड़ा है. अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था. अब टीम ने अंक तालिका में खुद की स्थिति सुधार ली है.

विज्ञापन
undefined

सलामी बल्लेबाज डेविड मलान की आक्रामक शतकीय पारी के बाद रीस टॉपले की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से इंग्लैंड ने वनडे विश्व कप के एकतरफा मुकाबले में मंगलवार को बांग्लादेश को 137 रन से शिकस्त दी. अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हार का सामना करने वाली इंग्लैंड की टीम ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मलान की 107 गेंद पर 140 रन के दम पर नौ विकेट पर 364 रन बनाए.

undefined

265 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश के बल्लेबाज 48.2 ओवर में 227 पर सिमट गए. मलान ने शतकीय पारी खेलने के साथ सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टॉ (52) और पूर्व कप्तान जो रूट (82) के साथ पहले और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारियां कर बड़े स्कोर की नींव रखी.

undefined

बांग्लादेश के लिए महेदी हसन ने 71 रन पर चार जबकि शरीफुल इस्लाम ने 75 रन पर तीन विकेट लिए. बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश के लिए लिटन दास (76) और विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम (51) ही इंग्लैंड के गेंदबाजों का कुछ हद तक समाना कर सके.

undefined

इंग्लैंड के लिए रीस टोपले ने 43 रन पर चार जबकि क्रिस वोक्स ने दो विकेट लिए. मार्क वुड, आदिल राशीद, लियाम लिविंगस्टोन और सैम कुरेन को एक-एक सफलता मिली. बल्लेबाजी में बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. टॉपले ने अपने शुरुआती ओवर में लगातार गेंदों पर तंजिद हसन (एक) और नजमुल हुसैन शंटो (शून्य) को आउट किया. इस गेंदबाज ने अपने तीसरे ओवर में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन (एक) को बोल्ड किया.

undefined

मेहदी हसन मिराज (आठ) ने क्रिस वोक्स की गेंद पर चौके से खाता खोला लेकिन नौवें ओवर में इस गेंदबाज की बाहर जाती गेंद पर बल्ला अड़ाकर विकेटकीपर को कैच दे बैठे, जिससे टीम ने नौवें ओवर में 49 रन पर चार विकेट गंवा दिए. विकेटों के इस पतझड़ के बीच सलामी बल्लेबाजी लिटन दास ने बेखौफ बल्लेबाजी की. उन्होंने पारी के शुरुआती ओवर में वॉक्स के खिलाफ हैट्रिक चौका जड़ अपने आक्रामक तेवर दिखाए.

undefined

उन्हें विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम का अच्छा साथ मिला. लिटन ने टॉपले की गेंद पर पारी का पहला छक्का जड़ने के बाद 11वें ओवर में सैम कुरेन का चौके से स्वागत किया. इसी ओवर में उन्होंने 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. मुशफिकुर ने भी 19वें ओवर में सैम कुरेन के खिलाफ दो चौके जड़े जिससे बांग्लादेश ने रनों का शतक पूरा किया.

undefined

लिटन ने आदिल राशिद के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन 21वें ओवर में अपने दूसरे स्पैल की गेंदबाजी के लिए आये वोक्स ने विकेट के पीछे कप्तान बटलर के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया. लिटन और मुशफिकुर की पांचवें विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी टूटने के साथ ही बांग्लादेश की उम्मीदें भी टूट गयी.

undefined

मुशफिकुर और तौहिद हृदय के बाद पुछल्ले बल्लेबाजों ने टीम के संघर्ष को 49वें ओवर तक खींचने में सफल रहे. मुशफिकुर ने 30वें ओवर में राशिद के खिलाफ एक रन के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगले ओवर में टोपले उन्हें अपना चौथा शिकार बनाकर छठे विकेट के लिए हृदय के साथ उनकी 43 रन की साझेदारी को तोड़ा.

undefined

हृदय 61 गेंद में 39 रन बनाकर लिविंगस्टोन का शिकार बने जबकि राशिद ने महेदी हसन (14) को बोल्ड कर बांग्लादेश को आठवां झटका दिया. इससे पहले मलान ने 107 गेंद की पारी में 16 चौके और पांच छक्के लगाने के अलावा बेयरस्टो के साथ पहले विकेट के लिए 107 गेंद में 115 रन जोड़े. इस साझेदारी को शाकिब (52 रन पर एक विकेट) ने बेयरस्टॉ को आउट कर तोड़ा. बेयरस्टो ने 59 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके लगाए.

undefined

मलान को इसके बाद 68 गेंद की पारी में एक छक्का और आठ चौके जड़ने वाले रूट का अच्छा साथ मिला दोनों ने दूसरे विकेट के लिए महज 117 गेंद में 151 रन जोड़े. इंग्लैंड की टीम एक समय 400 रन की ओर बढ़ रही थी लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में अच्छी वापसी की. टीम ने आखिरी 12.4 ओवर में 98 रन के अंदर नौ विकेट चटकाए.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola