फॉर्म में लौटे सूर्यकुमार यादव, कप्तानी छिनने के बाद बल्ले से दिया करारा जवाब
सूर्यकुमार यादव
Mumbai T20 League 2026: सूर्यकुमार यादव के लिए पिछला कुछ समय उतार-चढ़ाव भरा रहा. टी20 टीम से ड्रॉप होने और कप्तानी से हटाए जाने के कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने मैदान पर शानदार वापसी की.
Mumbai T20 League 2026: भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने और कप्तानी गंवाने के बाद स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से अपनी क्लास दिखाई है. शनिवार को बीसीसीआई के फैसले के तुरंत बाद सूर्या मुंबई टी20 लीग में खेलने उतरे. ट्रायम्फ नाइट्स एमएनई के कप्तान के तौर पर उन्होंने सोबो मुंबई फाल्कन्स के खिलाफ महज 24 गेंदों में 48 रन कूट डाले. इस मैच का रोमांच तब और बढ़ गया जब विरोधी टीम में भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर भी खेल रहे थे.
सूर्या ने संभाला मोर्चा
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ट्रायम्फ नाइट्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम पावरप्ले का फायदा उठाने में नाकाम रही और शुरुआती 6 ओवरों में सिर्फ 29 रन ही जोड़ सकी. इससे पहले महज 19 रन के कुल योग पर अखिल हरवाडकर और विकेटकीपर शिखर ठाकुर के रूप में दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुके थे. इस शुरुआती संकट के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुश्किल से निकाला.
24 गेंदों में सूर्या ने पलटा मैच का पासा
शुरुआती झटकों के बाद क्रीज पर आए सूर्यकुमार यादव बिल्कुल अलग मूड में थे. सूर्या ने सिर्फ 24 गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट से 48 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 लंबे छक्के शामिल थे. उनकी इस कप्तानी पारी की बदौलत मुश्किल में फंसी ट्रायम्फ नाइट्स अचानक फ्रंटफुट पर आ गई. हालांकि, स्पिनर यश प्रकाश डिचोलकर की एक जादुई गेंद पर सूर्या क्लीन बोल्ड हो गए और महज 2 रन से अपने अर्धशतक से चूक गए, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे.
सूर्या ने मैदान पर बिखेरा कलाई का जादू
स्तर घरेलू लीग का था, लेकिन मिस्टर 360 डिग्री का अंदाज बिल्कुल इंटरनेशनल था. इन 24 गेंदों के दौरान सूर्या ने साबित कर दिया कि वो अपनी पुरानी लय में लौट चुके हैं. उन्होंने मैदान का कोई कोना नहीं छोड़ा; एक ऐसा कड़क स्ट्रेट ड्राइव मारा कि नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स बाल-बाल बचे. इतना ही नहीं, कलाई के जादुई इस्तेमाल से लेग-साइड पर लगाए गए उनके सिग्नेचर छक्के और इनसाइड-आउट लॉफ्टेड ड्राइव्स ने वहां मौजूद फैंस का पैसा वसूल कर दिया.
प्रथमेश डाके के ‘चौके’ से बिखरी नाइट्स
सूर्या के पवेलियन लौटते ही सोबो मुंबई फाल्कन्स के गेंदबाजों ने मैच पर शिकंजा कस लिया. प्रथमेश डाके की कातिलाना गेंदबाजी (4/30) और हर्ष अघाव की शानदार फील्डिंग (4 कैच) के चलते ट्रायम्फ नाइट्स का मिडिल ऑर्डर बिखर गया. लेकिन अंत में मिनाद मांजरेकर के 9 गेंदों में धमाकेदार 15 रनों (2 छक्के) की बदौलत नाइट्स ने जैसे-तैसे 8 विकेट पर 147 रन बनाए. अब श्रेयस अय्यर की सोबो मुंबई फाल्कन्स के सामने 148 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है.
यह भी पढ़े- शुभमन गिल और ऋषभ पंत पर टिकीं नजरें, दूसरे दिन बड़े स्कोर की तलाश में भारत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए