MI vs GT Highlights: सूर्यकुमार यादव के शतक से मुंबई ने गुजरात ���ो 27 रन से हराया, राशिद खान ने जीता दिल
IPL 2023 Highlights: मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2023 के 57वें मैच में शुक्रवार को होम टीम मुंबई इंडियंस ने डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस को 27 रनों से हरा दिया है. गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 218 रन बनाये. सूर्यकुमार यादव ने शतक जड़ा. उन्होंने 49 गेंद पर 103 रनों की नाबाद पारी खेली. इससे पहले ईशान किशन और रोहित ने अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दी. जवाब में राशिद खान के बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के दम गुजरात ने 191 रन बनाये.
मुंबई ने गुजरात को 27 रनों से हराया
मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 27 रनों से हरा दिया है. सूर्यकुमार यादव के शतक ने बड़ा काम किया. क्योंकि राशिद खान ने 32 गेंद पर 79 रन बना डाले. राशिद की बल्लेबाजी देखकर एक समय ऐसा लगने लगा था कि कहीं, मुंबई यह मुकाबला हार न जाए. लेकिन अंत में मुंबई इस मैच में जीत के बाद अंक तालिका में एक स्थान की छलांग लगायी है. सूची में मुंबई अब तीसरे नंबर पर पहुंच गयी है.
गुजरात को 12 गेंद पर 55 रनों की जरूरत
गुजरात टाइटंस को यह मुकाबला जीतने के लिए अब दो ओवर में 55 रनों की जरूरत है. अर्धशतक बनाकर राशिद खान क्रीज पर जमे हुए हैं. गुजरात के दो विकेट शेष हैं.
राशिद खान ने दबाव में जड़ा अर्धशतक
नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आये राशिद खान ने अर्धशतक जड़ दिया है. उन्होंने 21 गेंद पर 53 रन बना लिये हैं. राशिद मुंबई के लिए खतरा साबित हो सकते हैं. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और छह छक्के जड़ दिये हैं.
गुजरात का स्कोर 150 के पार
राशिद खान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के स्कोर को 17वें ओवर में 150 के पार पहुंचा दिया है. उन्होंने अब तक 17 गेंद पर 41 रन बना लिये हैं. गुजरात को जीतने के लिए अब भी तीन ओवर में 68 रनों की जरूरत है.
नूर अहमद आउट, गुजरात को आठवां झटका
गुजरात टाइटंस को आठवां झटका लगा है. नूर अहमद एक रन बनाकर आउट हो गये हैं. नूर अहमद का शिकार कुमार कार्तिकेय ने किया. क्रीज पर नये बल्लेबाज के रूप में अल्जारी जोसेफ आये हैं.
गुजरात को लगातार दो झटके, डेविड मिलर और तेवतिया आउट
गुजरात को लगातार दो झटके लगे हैं. 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर डेविड मिलर आउट हो गये. उन्होंने 26 गेंद पर 41 रन बनाये. इसके ठीक बाद 13वें ओवर की पहली गेंद पर राहुल तेवतिया को पीयूष चावला ने आउट कर दिया है. गुजरात की टीम अब संकट में है. 100 के स्कोर पर टीम के सात बल्लेबाज पवेलियन लौट गये हैं.
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए