ePaper

IPL 2025 Auction: कौन हैं सबसे कम उम्र के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी? द्रविड़ की टीम ने 1.10 करोड़ में खरीदा

Updated at : 25 Nov 2024 9:44 PM (IST)
विज्ञापन
India vs Sri Lanka: Vaibhav Suryavansi

India vs Sri Lanka: Vaibhav Suryavansi

IPL 2025 Auction: बिहार के 13 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर आईपीएल मेगा नीलामी 2025 में 1 करोड़ 10 लाख रुपये की बोली लगी. वह आईपीएल के अब तक के सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं. उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में शामिल किया है.

विज्ञापन

IPL 2025 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की मेगा नीलामी में बिहार के 13 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है. वैभव आईपीएल की नीलामी में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं. पंजीकरण कराने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी सूर्यवंशी को सोमवार को सऊदी अरब के जेद्दा में मेगा नीलामी के दूसरे दिन राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा. राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच इस खिलाड़ी के लिए बोली लगाने की होड़ लगी हुई थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने इस किशोर के लिए 1.10 करोड़ रुपये की बोली लगने के बाद खुद को इससे अलग कर लिया.

IPL 2025 Auction: वैभव सूर्यवंशी कौन हैं?

2011 में जन्मे वैभव ने 4 साल की छोटी उम्र में ही अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखानी शुरू कर दी थी. वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने उनके जुनून को देखा और घर के पिछवाड़े में उनके लिए एक छोटा सा खेल का मैदान बनाने का फैसला किया. 9 साल की उम्र में वैभव के पिता ने उनको पास के शहर समस्तीपुर में एक क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाया. उसके आस-पास के लोगों को यह समझने में ज्यादा समय नहीं लगा कि वैभव क्रिकेट प्रतिभा के मामले में अपनी उम्र से काफी आगे है.

IPL 2025 Auction: कोहली से पंगा लेने वाले नवीन उल हक नहीं बिके, 2 करोड़ था बेस प्राइस

IPL 2025 Auction: पंत को नहीं पछाड़ पाया कोई खिलाड़ी, सोल्ड और अनसोल्ड क्रिकेटरों की पूरी लिस्ट

IPL 2025 Auction: वीनू मांकड़ ट्रॉफी में बनाए थे 400 रन

नीलामी से पहले वैभव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, “वहां ढाई साल अभ्यास करने के बाद मैंने विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए अंडर-16 ट्रायल दिया. मैं अपनी उम्र के कारण स्टैंडबाय पर था. भगवान की कृपा से मैंने मनीष ओझा सर से कोचिंग लेनी शुरू की, जो एक पूर्व रणजी खिलाड़ी हैं. उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया और आज मैं जो कुछ भी हूं, वह उन्हीं की बदौलत हूं.” वैभव की उम्र सिर्फ 12 साल थी जब उन्होंने बिहार के लिए वीनू मांकड़ ट्रॉफी में खेला था. उन्होंने 5 मैचों में लगभग 400 रन बनाए थे.

IPL 2025 Auction: 12 साल में बिहार के लिए किया डेब्यू

वैभव ने 12 साल की उम्र में बिहार के लिए डेब्यू किया था. उन्होंने बहुत कम समय में क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना ली है. हाल ही में चेन्नई में ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम के खिलाफ चार दिवसीय मैच में 58 गेंदों पर शतक जड़कर उन्होंने एक उभरते हुए सितारे के रूप में अपनी पहचान बनाई. वैभव नवंबर 2023 में आंध्र प्रदेश के मुलापाडु में अंडर-19 सीरीज के लिए इंडिया बी अंडर-19 टीम का हिस्सा थे. उन्हें बांग्लादेश और इंग्लैंड अंडर-19 टीमों के खिलाफ भारत ए टीम में भी शामिल किया गया.

Vaibhav Suryavanshi. Youngest Player in IPL Auction.
Vaibhav suryavanshi. Youngest player in ipl auction.

IPL 2025 Auction: इसी साल रणजी में किया डेब्यू

वैभव ने इसी साल जनवरी में पटना में मुंबई के खिलाफ बिहार के रणजी ट्रॉफी 2023-24 एलीट ग्रुप बी मुकाबले में प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया. 12 साल और 284 दिन की उम्र में, वह 1986 के बाद से प्रथम श्रेणी में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए. साथ ही बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. इस साल सितंबर में वैभव ने चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच में भारत की अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू किया. उन्होंने रन आउट होने से पहले 62 गेंदों पर 104 रनों की शानदार पारी खेली.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola