भारत बनाम पाकिस्तान एशिया कप फाइनल में कई रिकॉर्ड दांव पर, कौन रचेगा इतिहास?

IND vs PAK Asia Cup Final: Abhishek Sharma in Action
IND vs PAK: रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला होने वाला है. कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे से भिड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. 41 साल बाद यह पहली बार है कि भारत और पाकिस्तान एशिया कप के फाइनल में पहुंचे हैं. भारत इस दिन को यादगार बनाने के लिए बेताब है और टीम है भी काफी मजबूत. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हो सकते हैं.
IND vs PAK: 41 साल बाद एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं. जब दोनों देश खिताबी मुकाबले में उतरेंगे तो सभी की नजरें कई ऐसे रिकॉर्ड पर होंगी, जो इस बड़े मुकाबले में टूट सकते हैं. भारत इस टूर्नामेंट में पहले भी दो बार पाकिस्तान को हरा चुका है और तीसरी बार फिर से मैदान पर जीत के इरादे के साथ उतरेगा. यह कोई साधारण क्रिकेट मैच या सामान्य भारत-पाकिस्तान का आमना-सामना नहीं है. इस मैच से तनावपूर्ण क्षण, कांटे की टक्कर, जंग या शब्दों के बाण चलने की पूरी संभावना है. सुपर चार में जब दोनों टीमें आमने-सामने थीं तो मैदान पर माहौल काफी गर्म था और खिलाड़ियों को एक-दूसरे से उलझते देखा गया था.
आज रात टूट सकते हैं ये रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा : टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में लगातार तीन अर्धशतक लगाए हैं. अगर अभिषेक रविवार अर्धशतक बना लेते हैं, तो वह लगातार चार टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे. अभिषेक के अलावा, रोहित शर्मा, विराट कोहली , सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने लगातार तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50+ का स्कोर बनाया है.
अभिषेक पुरुष टी20 एशिया कप में सर्वकालिक रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंचने से 126 रन दूर हैं. यह रिकॉर्ड फिलहाल श्रीलंका के पथुम निसांका के नाम है, जिन्होंने 434 रन बनाए हैं, जबकि विराट कोहली 429 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं. अगर अभिषेक शर्मा का दिन शानदार रहा, तो वह इन दोनों बल्लेबाजों को पीछे छोड़ सकते हैं. अभिषेक किसी मल्टीनेशन टी20 टूर्नामेंट में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बैटर बन सकते हैं. यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 2014 के टी20 विश्व कप में 319 रन बनाए थे. शर्मा को यह रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए 11 रन और चाहिए.
हार्दिक पांड्या : भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 100 टी20I विकेट पूरे करने से बस 2 ही विकेट दूर हैं. अगर वह इस मैच में ऐसा कर पाते हैं, तो अर्शदीप सिंह के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे. हार्दिक के पास बल्ले से भी कुछ कमाल करने का मौका है. अगर वह 140 रन और बना लेते हैं तो इस फॉर्मेट में उनके 2000 रन पूरे हो जाएंगे. वहीं 100 छक्के पूरे करने से वह केवल दो छक्के दूर है.
हारिस राऊफ : पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वर्तमान में पुरुष टी20 एशिया कप में 17 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. वह श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा के साथ टॉप पर हैं. रविवार की रात एक विकेट लेने पर वह इस सूची में टॉप पर पहुंच जाएंगे. श्रीलंका का अभियान खत्म होने के कारण हसरंगा अब एक भी और विकेट हासिल नहीं कर पाएंगे.
परिस्थितियां, संभावित एकादश और ताकतें
पिच और परिस्थितियां : इस मैच के लिए दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक नई सेंट्रल पिच का इस्तेमाल किया जाएगा. पिछले पांच सालों में यहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 160 रन रहा है. स्पिनरों के लिए विकेट से पकड़ और टर्न मिलने की उम्मीद है, हालांकि, देर से ओस पड़ने की संभावना है, जिससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को मदद मिल सकती है. वैसे भी इस मैदान पर रन चेज कर जीतने वाले मैच का प्रतिशत ज्यादा है. यहां का सर्वोच्च टीम टोटल 212 रन है, जो भारत के ही नाम है. इस एडिशन ने भी भारत ने 200 रनों का आंकड़ा पार किया है.
दोनों टीमों की संभावित इलेवन
भारत : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
पाकिस्तान : साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सईम अयूब, हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, सलमान अली आगा (कप्तान), फहीम अशरफ, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद.
ये भी पढ़ें-
BCCI के नए अध्यक्ष बने मिथुन मन्हास, रोजर बिन्नी को किया रिप्लेस, देखें पूरी लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




