IND vs ENG: ओवल टेस्ट से पहले बेन स्टोक्स बाहर, यह खिलाड़ी संभालेगा इंग्लिश टीम की कमान

ENG vs IND: Ben Stokes
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबल ओवल के मौदान पर खेला जाएगा. इस मैच से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान बेन स्टोक्स इंजरी के चलते पांचवे टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे. अभी तक सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे चल रही है और टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज को 2-2 से बराबर करना चाहेगी.
IND vs ENG: 31 जुलाई यानी गुरूवार से शुरू हो रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के निर्णायक और पांचवें टेस्ट से पहले इंग्लैंड को तगड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान और ऑलराउंडर बेन स्टोक्स मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इस अहम मुकाबले से बाहर हो गए हैं. स्टोक्स की गैरमौजूदगी में अब इंग्लैंड की कमान बल्लेबाज ओली पोप को सौंपी गई है. यह टेस्ट भारत के लिए सीरीज बराबर करने का अंतिम अवसर होगा, जबकि इंग्लैंड इस मैच को जीतकर घरेलू मैदान पर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा.
बेन स्टोक्स की चोट और बड़ा फैसला
बेन स्टोक्स ने इस सीरीज में इंग्लैंड के लिए हरफनमौला प्रदर्शन किया है. उन्होंने अब तक 7 पारियों में 304 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है और उनका बल्लेबाजी औसत 43.42 का रहा है. वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने 17 विकेट अपने नाम किए हैं, जिनमें एक पांच विकेट और एक चार विकेट हॉल शामिल है. दो बार वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुने गए हैं. ऐसे में उनका बाहर होना इंग्लैंड के लिए काफी बड़ा झटका है.

स्टोक्स ने स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा “मैं साफ तौर पर निराश हूं. मुझे एक ऐसी मांसपेशी में खिंचाव है जिसका नाम तक मैं ठीक से नहीं ले सकता. हमने फैसला लेने के लिए जितना संभव हो सका, इंतजार किया. सुबह यहां आकर मैंने सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर खेलने की कोशिश की, लेकिन चोट ने मौका नहीं दिया.”
उन्होंने आगे कहा कि यह फैसला मेडिकल टीम, कोच ब्रेंडन मैकुलम और खुद उनके बीच हुई चर्चा के बाद लिया गया. सभी ने यह निष्कर्ष निकाला कि चोट के साथ खेलना ज्यादा जोखिमभरा हो सकता है, और इसलिए टीम के हित में उन्हें बाहर होना पड़ा. स्टोक्स ने यह भी बताया कि वे अब रिहैब की प्रक्रिया शुरू करेंगे और विंटर सीजन की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे. उनके मुताबिक “जब सीरीज खत्म होती तो मैं वैसे भी कुछ हफ्तों के लिए रेस्ट लेता, तो इस फैसले से बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ा है.”
भारत की वापसी की उम्मीदें जिंदा
चौथे टेस्ट में मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ड्रॉ होने से इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाए रखी है. अब आखिरी टेस्ट लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा, जहां भारत के पास सीरीज को 2-2 से बराबर करने का मौका है. हालांकि भारत ने 2007 के बाद से इंग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है, लेकिन मौजूदा हालात में टीम एक सम्मानजनक विदाई की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी.
बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी भारत के लिए राहत की बात हो सकती है, क्योंकि वे गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख पलटने में सक्षम हैं. इंग्लैंड को अब ओली पोप की अगुवाई में बिना अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी के मैदान में उतरना होगा. यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इंग्लैंड दबाव को संभालकर सीरीज जीतता है या भारत इतिहास रचकर एक यादगार वापसी करता है.
ये भी पढे…
पाकिस्तान के साथ नहीं खेलेगा भारत, WCL T20 सेमीफाइनल में दोनों देशों की होनी थी भिड़त
बारिश बनेगी विलेन! IND vs ENG अंतिम टेस्ट के दौरान ओवल में कैसा रहेगा मौसम, जानें
ICC Rankings: टी 20I में अभिषेक शर्मा ने मारी बाजी, बिना मैच खेले बने सिकंदर
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




