IND vs BAN 2nd Test: भारत ने बांग्लादेश पर कसा शिकंजा, क्लीन स्वीप से केवल 8 विकेट दूर
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 30 Sep 2024 6:30 PM
India vs Bangladesh 2nd Test
IND vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत जीत के कगार पर पहुंच चुका है. भारत क्लीन स्वीप करने से केवल 8 विकेट दूर है.
IND vs BAN 2nd Test: स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वर्षाबाधित दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने से पहले बांग्लादेश के दो विकेट चटकाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और अब आखिरी दिन भी परिणाम निकलने की उम्मीद दिख रही है.
भारत के नाम रहा खेल का चौथा दिन, कई रिकॉर्ड बने
बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण दूसरे और तीसरे दिन का खेल नहीं होने के बाद चौथे दिन सोमवार को मैच में काफी उतार चढाव देखने को मिले. पूरे दिन में 18 विकेट गिरे, भारत ने सबसे तेज 50, 100 और 200 रन बनाये , विराट कोहली ने 27000 टेस्ट रन पूरे किये तो रविंद्र जडेजा ने 300 वां विकेट लिया.
भारत ने पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन पर घोषित की
बांग्लादेश ने मोमिनुल हक के शतक की मदद से पहली पारी में 233 रन बनाये जिसके बाद भारत ने टी20 तेवरों से बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन पर घोषित की. जवाब में चौथे दिन का खेल समाप्त होने पर बांग्लादेश ने दो विकेट 26 रन पर गंवा दिये और वह अभी भी भारत के पहली पारी के स्कोर से 26 रन पीछे है.
जायसवाल ने 51 गेंद में 72 रन बनाये
भारत के लिये यशस्वी जायसवाल ने 51 गेंद में 72 रन बनाये. जायसवाल ने पहले ही ओवर में तेज गेंदबाज हसन महमूद को तीन चौके जड़े. रोहित ने खालिद अहमद को दो छक्के लगाये जिनमें से एक पर गेंद स्टेडियम की छत पर जा गिरी. भारत ने पचास रन तीसरे ओवर में ही पूरे कर लिये. तेज गेंदबाजों को नाकाम होता देख बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने स्पिनर मेहदी हसन मिराज को गेंद सौंपी जिन्होंने रोहित का कीमती विकेट लिया. जायसवाल ने बायें हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और दो छक्के लगाये. उन्होंने दूसरे विकेट के लिये शुभमन गिल के साथ 72 रन जोड़े. गिल 39 रन बनाकर शाकिब का शिकार हुए जिनका कैच महमूद ने लपका.
अर्धशतक बनाने से चूके विराट कोहली
शाकिब ने इसके बाद कोहली को पवेलियन भेजा जो अर्धशतक बनाने से तीन रन से चूक गए. कोहली ने 35 गेंद में 47 रन बनाये जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल है. इस पारी के दौरान कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों को मिलाकर 27,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले चौथे बल्लेबाज बने. इस सूची में सचिन तेंदुलकर (34,357), श्रीलंका के कुमार संगकारा (28,016) और तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (27,483) है.
भारत ने सबसे तेज 200 रन का रिकॉर्ड तोड़ा
भारत के लिये केएल राहुल ने 43 गेंद में 68 रन बनाये जो मेहदी हसन मिराज की गेंद को आगे निकलकर खेलने के प्रयास में चूके और लिटन दास की स्टम्पिंग का शिकार हो गए. भारत ने तीसरे ही ओवर में 50 रन बनाकर इंग्लैंड का सबसे तेज टीम अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ा जिसने इस साल जुलाई में ट्रेंट ब्रिज में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4.2 ओवर में अर्धशतक बनाया था. भारत ने सौ रन 11वें ओवर में पूरे करके अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया. भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 में पोर्ट आफ स्पेन टेस्ट में सबसे तेजी से 12.2 ओवर में तिहरा अंक छुआ था. इसके बाद भारत ने सबसे तेज 200 रन का आस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ा जो उसने पाकिस्तान के खिलाफ 2017 के सिडनी टेस्ट में बनाया था. भारत ने 24 . 2 ओवर में ही 200 रन बना डाले.
जसप्रीत बुमराह ने की घातक गेंदबाजी
इससे पहले भारत के लिये तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तीन जबकि मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और आर अश्विन ने दो दो विकेट लिये. रविंद्र जडेजा 300 विकेट लेने वाले सातवें भारतीय गेंदबाज बन गए जब उन्होंने खालिद महमूद का विकेट लिया. वह 300 टेस्ट विकेट और 3000 टेस्ट रन सबसे तेजी से पूरे करने वाले इंग्लैंड के इयान बाथम के बाद दूसरे खिलाड़ी भी बन गए. पहले दिन के स्कोर तीन विकेट पर 107 रन से आगे खेलते हुए बांग्लादेश ने मुशफिकुर रहीम (11) का विकेट छठे ओवर में गंवाया जिन्हें जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया. नये बल्लेबाज लिटन दास (13) ने बुमराह को चौका लगाकर आत्मविश्वास के साथ आगाज किया. इस बीच मोहम्मद सिराज की गेंद पर कैच की अपील से मोमिनुल को जीवनदान भी मिला. डीआरएस में पता चला के यशस्वी जायसवाल के हाथ में जाने से पहले गेंद ने बल्ला या दस्तानों को नहीं छुआ था. अगली गेंद पर मोमिनुल ने स्क्वेयर लेग में चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










