पूर्व क्रिकेटर Tamim Iqbal बनें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष, क्या भारत से सुधरेंगे संबंध

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड
Tamim Iqbal: बांग्लादेश सरकार ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मैनेजमेंट कमेटी को भंग कर दिया है. ऐसा करके, उन्होंने एक नई एड-हॉक कमेटी बनाई है, जो अगले तीन महीनों के भीतर BCB के चुनाव और मैनेजमेंट का काम संभालेगी. सरकार ने तब तक के लिए पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है.
Tamim Iqbal: बांग्लादेश सरकार ने पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. यह निर्णय सरकार द्वारा मंगलवार को अमीनुल इस्लाम के नेतृत्व वाले बीसीबी निदेशक मंडल को भंग करने के बाद लिया गया. ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, यह निर्णय पिछले साल अक्टूबर में हुए बीसीबी चुनावों में लगे कई आरोपों की जांच करने वाली 5 सदस्यीय जांच समिति की सिफारिशों के बाद आया है. 37 साल के पूर्व बांग्लादेशी क्रिकेटर तमीम इकबाल बीसीबी के सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं.
एड-हॉक कमिटी में 11 सदस्य
तमीम इकबाल 11 सदस्यीय एड-हॉक कमिटी का नेतृत्व करेंगे, जिसमें बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मिन्हाजुल अबेदीन और पूर्व क्रिकेटर से टीवी कमेंटेटर बने अथर अली खान शामिल हैं. अन्य सदस्य रश्ना इमाम, मिर्जा यासिर अब्बास, सैयद इब्राहिम अहमद, इसराफिल खसरू, तंजील चौधरी, सलमान इस्फहानी, रफीकुल इस्लाम और फहीम सिन्हा हैं. राष्ट्रीय खेल परिषद (NSC) के खेल निदेशक मोहम्मद अमीनुल अहसान ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया, ‘राष्ट्रीय खेल परिषद की जिम्मेदारी के तहत, हमने आईसीसी को सूचित किया है कि इस निदेशक मंडल का गठन उचित तरीके से नहीं किया गया था और यह अपना काम ठीक से पूरा करने में सक्षम नहीं है.’
पुराना निदेशक मंडल कर दिया गया भंग
उन्होंने आगे कहा, ‘हमने आईसीसी को इस निदेशक मंडल को भंग करने के अपने निर्णय की जानकारी दे दी है. एनएससी बांग्लादेश क्रिकेट और सरकार की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसलिए, हम बीसीबी को लेकर आशावादी हैं और हमें विश्वास है कि आईसीसी निश्चित रूप से इस निर्णय का समर्थन करेगा.’ बीसीबी पर खेल मंत्रालय का दबाव था, जिसने पिछले साल के चुनाव की वैधता, इस साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका की सह मेजबानी में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश से बाहर किए जाने और बीसीबी के भीतर राजनीतिक हस्तक्षेप और पक्षपात के आरोपों पर सवाल उठाए थे.
दो दिनों में 4 निदेशकों ने दिया इस्तीफा
पिछले दो दिनों में बोर्ड के चार निदेशकों ने भी इस्तीफा दे दिया है, जिससे इस साल इस्तीफों की कुल संख्या छह हो गई है. इससे पहले, अमीनुल इस्लाम ने कहा था कि बोर्ड में चल रही उथल-पुथल के बावजूद वे अपने पद पर बने रहेंगे, क्योंकि पिछले साल के चुनाव में कथित धांधली और सत्ता के दुरुपयोग की जांच रिपोर्ट बांग्लादेश सरकार को सौंप दी गई है. अमीनुल ने शनिवार को जमुना टीवी से कहा, ‘मैं अपनी कुर्सी पर बैठा रहूंगा. मैं और क्या कर सकता हूं? मैं सबसे आखिर में जाऊंगा. मेरे पास बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) में एक बहुत अच्छी, समर्पित और ईमानदार टीम है. मैं इस टीम के साथ बांग्लादेश क्रिकेट की सेवा करना चाहता हूं.’
अब यह देखना बाकी है कि बांग्लादेश और भारत के क्रिकेट संबंध सुधरते हैं या नहीं. पिछले दिनों बांग्लादेश बोर्ड ने बीसीसीआई को लिखा था कि वह बांग्लादेश क्रिकेट को बचाने में मदद करे और द्विपक्षीय सीरीज को मंजूरी दे.
ये भी पढ़ें…
IPL 2026 Points Table: ईडन गार्डन्स में बारिश से धुला मुकाबला, बिना मैच जीते टॉप पर पहुंची PBKS
KKR vs PBKS: बारिश के कारण मैच रद्द, केकेआर का जीत का सपना रह गया अधूरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










