ePaper

England vs New Zealand Photos: डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र के तूफान में उड़ा इंग्लैंड, देखें तस्वीरें

Updated at : 05 Oct 2023 9:32 PM (IST)
विज्ञापन
England vs New Zealand Photos: डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र के तूफान में उड़ा इंग्लैंड, देखें तस्वीरें

डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र के आकर्षक शतक और दोनों के बीच रिकॉर्ड साझेदारी से न्यूजीलैंड ने वनडे विश्व कप के उद्घाटन मैच में इंग्लैंड को नौ विकेट से हराया. गुरुवार को न्यूजीलैंड ने 2019 वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार का बदला चुकता किया.

विज्ञापन
undefined

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को नौ विकेट से रौंद दिया है. न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के दो बल्लेबाज डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र ने नाबाद शतक जड़ते हुए दूसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी की.

undefined

कप्तान केन विलियमसन के बिना खेल रहे न्यूजीलैंड के सामने 283 रन का लक्ष्य था जो उसने 36.2 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर दिया. कॉनवे ने 121 गेंद पर 19 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 152 रन बनाए जबकि रवींद्र ने 96 गेंद पर नाबाद 123 रन की पारी खेली.

undefined

कॉनवे और रवींद्र ने दूसरे विकेट के लिए 273 रन की अटूट साझेदारी की. यह न्यूजीलैंड की तरफ से विश्व कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. उनकी इन पराक्रमी परियों से न्यूजीलैंड 2019 के फाइनल की कड़वी यादों को पीछे छोड़ने में सफल रहा जब वह बाउंड्री की गणना में इंग्लैंड से खिताब गंवा बैठा था.

undefined

इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद नियमित अंतराल में विकेट गंवाने के कारण 9 विकेट पर 282 रन ही बना पाया. उसकी तरफ से अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने सर्वाधिक 77 रन का योगदान दिया. न्यूजीलैंड के कामचलाऊ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए. मिशेल सेंटनर ने 10 ओवर में 37 रन देकर दो और मैट हेनरी ने 48 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए.

undefined

कॉनवे ने क्रिस वोक्स के पहले ओवर में दो चौके लगाकर 10 रन बटोरे लेकिन सैम करेन ने अगले ओवर की पहली गेंद पर विल यंग (00) को विकेट के पीछे कैच करा दिया. इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाज विकेट हासिल करने के लिए तरसते रहे. रवींद्र ने शीर्ष क्रम में भेजे जाने के फैसले को सही साबित किया. उन्होंने क्रीज पर आते ही आक्रामक करवाया अपनाया और कॉनवे के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी.

undefined

रवींद्र ने ऑफ स्पिनर मोईन को निशाना बनाकर उन पर दो छक्के लगाए. इनमें से दूसरे छक्के से उन्होंने 36 गेंद पर अपना पचासा पूरा किया. कॉनवे ने भी 50 रन तक पहुंचने के लिए 36 गेंद खेली. वह लेग स्पिनर आदिल रशीद पर चौका जड़कर इस मुकाम पर पहुंचे. न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने जहां अपना कमाल दिखाया वहीं कॉनवे और रवींद्र के सामने इंग्लैंड के स्पिनरों की एक नहीं चली.

undefined

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए लेकिन इन दोनों पर उसका कोई असर नहीं पड़ा और वे सहजता से रन बटोरते रहे. कॉनवे ने पहले शतक पूरा किया. वनडे क्रिकेट में अपने पांचवें शतक के लिए उन्होंने 83 गेंद खेली. रवींद्र ने इसके बाद 82 गेंद पर अपने वनडे करियर का पहला शतक पूरा किया. यह विश्व कप में न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे तेज शतक है.

undefined

विश्व कप 2023 का पहला रन छक्के के रूप में आया जो जॉनी बेयरस्टो (35 गेंद पर 33 रन) ने ट्रेंट बोल्ट पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग क्षेत्र में लगाया. इसके बाद उन्होंने चौका जड़ा और इस तरह से पहले ओवर में 12 रन जुटाए लेकिन इसके बाद परिस्थितियां बदलने में समय नहीं लगा.

undefined

हेनरी ने डेविड मालन (14) को शुरू से ही परेशान किया और आखिर में उन्होंने इस बल्लेबाज को विकेट के पीछे कैच कराकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई. उसे दूसरा विकेट हासिल करने में ज्यादा समय नहीं लगा. सेंटनर ने बेयरस्टो को सीमा रेखा पर डेरेल मिचेल के हाथों कैच करा कर उनकी आक्रामकता पर विराम लगाया.

undefined

पिछले चार वर्षों में बहुत अधिक वनडे मैच नहीं खेलने के बावजूद रूट ने एक छोर संभाले रखा और इस प्रारूप में अपना 36वां अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने फिलिप्स पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में अपना विकेट इनाम में दिया. रूट ने अपनी 86 गेंद की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola