...तो खाली स्टेडियम में होगा आईपीएल ? कोरोना के कारण विदेशी खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर
कोरोना के कारण दुनिया भर में 4000 से अधिक लोगों की मौत
नयी दिल्ली/धर्मशाला : बीसीसीआई ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन खेल मंत्रालय ने गुरुवार को संकेत दिया कि कोविड-19 महामारी के कारण इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन खाली स्टेडियम में हो सकता है.
सरकार की वीजा पाबंदियों के कारण विदेशी खिलाड़ी हालांकि 15 अप्रैल तक इस लुभावनी लीग से बाहर हो गए हैं. आईपीएल की संचालन परिषद की शनिवार को होने वाली बैठक में इस लीग को खाली स्टेडियम में कराने पर चर्चा हो सकती है और बीसीसीआई ने तब तक इंतजार करने की नीति अपनाने का फैसला किया है.
इस टी20 टूर्नामेंट की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई में होनी है. खेल मंत्रालय ने हालांकि कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण के खतरे को देखते हुए बीसीसीआई सहित सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को स्वास्थ्य मंत्रालय का परामर्श मानने और खेल प्रतियोगिताओं के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने से बचने को कहा है.
खेल मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार, सुनिश्चित कीजिए कि किसी भी खेल प्रतियोगिता के दौरान लोग नहीं जुटें. अगर खेल प्रतियोगिता के आयोजन को टाला नहीं जा सकता तो दर्शकों सहित लोगों को एकत्रित किए बिना ऐसा किया जा सकता है. खेल सचिव राधे श्याम जुलानिया ने भी बात करते हुए मंत्रालय के रुख को दोहराया.
जुलानिया ने कहा, हमने बीसीसीआई सहित सभी एनएसएफ से कहा है कि वे स्वास्थ्य मंत्रालय के नवीनतम परामर्श का पालन करें, जिसमें कहा गया है कि खेल गतिविधियों सहित सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने से बचा जाए. देश में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने की कवायद के तहत सरकार ने बुधवार को सभी मौजूदा विदेशी वीजा निलंबित कर दिए.
राजनयिक और कामकाजी वीजा जैसी कुछ श्रेणियों में हालांकि छूट दी गई है. भारत में अब तक कोरोना वायरस के 73 मामले सामने आ चुके हैं. इस विषाणु के कारण दुनिया भर में 4000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुधवार को इसे महामारी घोषित किया.
इन पाबंदियों के कारण आईपीएल में कोई विदेशी खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होगा. आईपीएल को खाली स्टेडियम में कराए जाने की संभावना बढ़ रही है, लेकिन इस लीग को स्थगित किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता क्योंकि 29 मार्च से मुंबई में शुरू हो रही इस प्रतियोगिता के शुरुआती चरण में लगभग 60 विदेशी खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होंगे.
बीसीसीआई सूत्र ने बताया, आईपीएल में खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी बिजेनस वीजा की श्रेणी में आते हैं. सरकार के निर्देशों के अनुसार वे 15 अप्रैल तक नहीं आ सकते. महाराष्ट्र और कर्नाटक सरकार पहले ही मुंबई इंडियन्स और रायल चैलेंजर्स बेंगलोर के घरेलू मैचों के आयोजन को लेकर चिंता जता चुकी हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुधवार को इस संक्रमण को महामारी घोषित किया. इससे पहले निशानेबाजी विश्व कप और इंडिया ओपन गोल्फ जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी स्थगित कर दी गईं, जबकि इस महीने होने वाले इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन भी दर्शकों की गैरमौजूदगी में किया जाएगा.
कोरोना वायरस संक्रमण के कारण इस साल होने वाले तोक्यो ओलंपिक पर भी सवालिया निशान लग गया है. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने हालांकि जोर देते हुए कहा है कि ये खेल जुलाई-अगस्त में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










