IND vs SL: श्रीलंका ने भारत को 6 विकेट से हराया,फाइनल में पहुंचने की टीम इंडिया की उम्मीदों पर फिरा पानी

Sri Lanka's Dilshan Madushanka, left, celebrates with teammates the dismissal of India's Deepak Hooda during the T20 cricket match of Asia Cup between Sri Lanka and India, in Dubai, United Arab Emirates, Tuesday, Sept. 6, 2022. AP/PTI(AP09_06_2022_000291A)
भारत ने एशिया कप सुपर चार के मुकाबले में आज भारत को छह विकेट से हराकर उसके फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. कप्तान रोहित शर्मा की 72 रनों की पारी बेकार चली गयी. यह सुपर चार मुकाबले में भारत की दूसरी हार है. ग्रुप चरण में दोनों मैच जीतकर टीम इंडिया शान से सुपर चार में पहुंची थी.
दुबई : पिछले चैंपियन भारत को एशिया कप सुपर फोर चरण के बेहद महत्वपूर्ण मैच में श्रीलंका ने मंगलवार को छह विकेट से हराकर बाहर होने की कगार पर धकेल दिया. अब भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजे पर निर्भर रहना होगा. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की 41 गेंद में 72 रन की पारी बेकार गयी और श्रीलंका ने 174 रन का लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. श्रीलंका को आखिरी दो ओवर में 21 रन चाहिये थे लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 14 रन देकर मैच भारत की जद से बाहर ही कर दिया.
वह भुवनेश्वर कुमार ही थे जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को भी 19वें ओवर में 19 रन पिटवाये थे और भारत वह मुकाबला हार गया था. पाकिस्तान अगर बुधवार को अफगानिस्तान को हरा देता है तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जायेगा. श्रीलंका को सलामी बल्लेबाज कुसल मेंडिस (37 गेंद में 57 रन) और पाथुम निसांका (37 गेंद में 52 रन) ने शानदार शुरुआत दिलाई और तेजी से 91 रन जोड़े. श्रीलंका के पचास रन छठे ओवर में ही बन गये जिससे भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बन गया.
Also Read: Asia Cup 2022: विराट कोहली ने शेयर की पत्नी अनुष्का शर्मा की शानदार फोटो, लिखा – माय वर्ल्ड, माय लव
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने हालांकि 12वें ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका की रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की. रविचंद्रन अश्विन ने धनुष्का गुणतिलका (1) को पवेलियन भेजा. श्रीलंका का स्कोर 14वें ओवर में तीन विकेट पर 110 रन था. अगले ओवर में चहल ने मेंडिस को पगबाधा आउट किया. इसके बाद हालांकि श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 33) और भानुका राजपक्षा (नाबाद 25) ने पांचवें विकेट के लिये 64 रन की अटूट साझेदारी करके मैच जिताया.
इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 41 गेंद पर 72 रन बनाये जिसकी मदद से भारत ने आठ विकेट पर 173 रन का स्कोर बनाया. शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद रोहित ने कप्तानी पारी खेली और पांच चौके तथा चार छक्के जड़े. सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 34 रन बनाकर उनका बखूबी साथ दिया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 97 रन जोड़े. रोहित के आउट होने के बाद हालांकि भारतीय बल्लेबाज 63 रन ही बना पाये. एक समय भारत का स्कोर 13वें ओवर में तीन विकेट पर 110 रन था जब रोहित आउट हुए.
श्रीलंका की शुरुआत बहुत अच्छी रही जिसने सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (छह) और तीसरे नंबर पर उतरे विराट कोहली (0) को सस्ते में आउट किया. भारत का स्कोर तीसरे ओवर में दो विकेट पर 13 रन था. दूसरे ओवर में एक्स्ट्रा कवर पर चौका जड़ने के बाद राहुल ऑफ स्पिनर महीष तीक्षणा की गेंद पर पगबाधा हो गये. राहुल ने रिव्यू भी लिया लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं रहा. उसके बाद आये स्टार बल्लेबाज कोहली चार गेंदों में खाता भी नहीं खोल सके और बायें हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका ने उन्हें पवेलियन भेज दिया.
पीटीआई भाषा की खबर
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




