ePaper

Anshul Kamboj: धोनी ने तराशा, अब इंग्लैंड में धूम मचाएगा एक पारी में 10 विकेट चटकाने वाला गेंदबाज

Updated at : 22 Jul 2025 9:09 PM (IST)
विज्ञापन
ENG vs IND: Anshul Kamboj

ENG vs IND: Anshul Kamboj

Anshul Kamboj: बुधवार को मैनचेस्टर में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट के लिए टीम इंडिया तैयार है. मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान शुभमन गिल ने इस बात के संकेत दे दिए हैं कि युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं. इस गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में अपनी जगह बनाई है. इनके नाम रणजी ट्रॉफी की एक पारी में सभी 10 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड भी है. आईपीएल में सीएसके की ओर से खेलने वाले इस गेंदबाजी का तारीफ एमएस धोनी भी कर चुके हैं. धोनी की कप्तानी में इस साल कंबोज ने आईपीएल में अपना जलवा बिखेरा.

विज्ञापन

Anshul Kamboj: टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इस बात के संकेत दे दिए हैं कि मैनचेस्टर टेस्ट में हरियाणा के 24 साल के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. कंबोज को अर्शदीप सिंह के चोटिल होने के बाद भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. कंबोज आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल चुके हैं, जहां टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी उनसे काफी प्रभावित थे. कंबोज का घरेलू क्रिकेट में काफी दबदबा रहा है और पिछले महीने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ इन्होंने इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए पहले मैच में 1 विकेट लिया और 23 रन बनाए. दूसरे मैच में उन्होंने 4 विकेट चटकाए और एक शानदार हाफ सेंचुरी भी लगाई. गेंदबाजी के अलावा महत्वपूर्ण मौके पर कंबोज अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं. Anshul Kamboj Dhoni favourite now set to ready for Debut in England

रणजी में एक पारी में चटकाए हैं 10 विकेट

अंशुल कंबोज का जन्म 6 दिसंबर 2000 को हरियाणा के करनाल में हुआ. हरियाणा ओलंपिक खेलों में कई विश्वस्तरीय एथलीट देने के लिए जाना जाता है, लेकिन यह क्रिकेट के चकाचौंध से दूर है. अंशुल का औपचारिक क्रिकेट प्रशिक्षण करनाल स्थित सतीश राणा की अकादमी में हुआ. यहां उन्होंने कड़ी मेहनत की और उनकी मेहनत रंग लाई. जूनियर राज्य टीमों के खेलते हुए उन्होंने 2018-19 के कूच बिहार ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों में अपना नाम दर्ज कराया. कंबोज ने फरवरी 2022 में हरियाणा के लिए रणजी ट्रॉफी में अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेला. दो साल बाद, इस तेज गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ एक पारी में सभी 10 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरीं. कंबोज टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए.

धोनी कर चुके हैं तारीफ

इस यादगार प्रदर्शन ने कंबोज को रातोंरात स्टार बना दिया. लाल गेंद के साथ, कंबोज हरियाणा की सफेद गेंद वाली टीम के भी महत्वपूर्ण सदस्य बन गए. उन्होंने 2023-24 विजय हजारे ट्रॉफी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मैचों में 17 विकेट चटकाए. अब कंबोज पर आईपीएल फ्रेंचाइजियों की नजर पड़ी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए नेट बॉलर के रूप में खेलते हुए कंबोज ने मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया. कंबोज को 2025 की आईपीएल नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बड़ी बोली लगाकर 3.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में साइन किया. 2025 सीजन में कई मैचों के बाद कंबोज को सीएसके की प्लेइंग इलेवन में जगह मिली. उन्होंने सीजन के अंत में 8 मैचों में 8 विकेट लिए और कप्तान एमएस धोनी और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग, दोनों ने उनकी तारीफ की.

कंबोज को उठाना होगा मौके का फायदा

अंशुल की सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत और खेल के प्रति उनके पूर्ण समर्पण का परिणाम है. उनके बचपन के कोच सतीश राणा उनके अनुशासन और विनम्रता के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. मैनचेस्टर में भारत एक जरूरी टेस्ट मैच जीतने की तैयारी में है. ऐसे में सभी की निगाहें अंशुल कंबोज पर टिकी होंगी. अगर वह भारत के लिए खेलते हैं, तो यह उनके लिए एक बड़ा मौका होगा और उन्हें इस मौका का पूरा फायदा उठाना होगा. सबसे बड़ी बात है कि कंबोज में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे सीनियर गेंदबाजों का साथ मिलेगा, जिसका उन्हें काफी फायदा मिलेगा.

ये भी पढ़ें…

‘100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा…’, रवि शास्त्री ने भारतीय क्रिकेटरों की कमाई का किया खुलासा

IND vs ENG: मैनचेस्टर क्रिकेट ग्राउंड पर 61 साल से नहीं टूट पाया यह रिकॉर्ड, इस खिलाड़ी का है कब्जा

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola