20वें ओवर का ड्रामा, रबाड़ा की नो बॉल और वाइड ने बदला गेम, जानें सबकुछ

कगिसो रबाड़ा
AFG vs SA Match Drama: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 13 वां मुकाबला इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया. साउथ अफ्रीका ने डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को 4 रन से हरा दिया. मैच पहले 20 ओवर में टाई हुआ, फिर पहला सुपर ओवर भी बराबर रहा. अंत में दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका जीती.
Highlights
AFG vs SA Match Drama: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के 13वें मैच में अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका (Afghanistan vs South Africa) के बीच ऐसा मुकाबला हुआ जिसने क्रिकेट फैंस की सांसें रोक दीं. अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं. मैच पहले टाई हुआ, फिर पहला सुपर ओवर भी बराबर रहा और अंत में दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने चार रन से जीत दर्ज की. मैच का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट रहा कगिसो रबाड़ा (Kagiso Rabada) का 20वां ओवर, जहां हर गेंद पर बाजी पलटती रही.
20वें ओवर का रोमांच
अफगानिस्तान को जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों पर 13 रन चाहिए थे. क्रीज पर नूर अहमद और फजलहक फारुकी थे, जबकि साउथ अफ्रीका की तरफ से कगिसो रबाडा गेंदबाजी कर रहे थे. अफगानिस्तान का स्कोर 175 रन पर 9 विकेट था.
- पहली गेंद (नो बॉल): रबाडा ने ओवर की शुरुआत ही नो बॉल से की. इस पर कोई रन नहीं बना, लेकिन अफगानिस्तान को फ्री हिट मिल गई.
- दोबारा पहली गेंद (वाइड): रबाडा ने फिर गलती की और गेंद वाइड फेंक दी. बिना लीगल गेंद फेंके अफगानिस्तान के खाते में 2 रन आ गए. अब 11 रन की जरूरत थी.
- तीसरी बार पहली गेंद (डॉट): रबाडा ने फुल लेंथ गेंद डाली. नूर अहमद इस फ्री हिट का फायदा नहीं उठा पाए और कोई रन नहीं बना.
- दूसरी गेंद (सिक्स): इस बार नूर अहमद ने बल्ला घुमाया और गेंद सीधा स्टैंड्स में जा गिरी. अब 4 गेंदों में 5 रन चाहिए थे.
- तीसरी गेंद (डॉट): रबाडा ने शानदार वापसी की और नूर को कोई रन नहीं बनाने दिया.
- चौथी गेंद (नो बॉल + 2 रन): मैच में ड्रामा फिर बढ़ा. रबाडा ने फिर नो बॉल की. बल्लेबाजों ने दौड़कर 2 रन भी ले लिए. अब जीत के लिए 3 गेंदों में सिर्फ 2 रन चाहिए थे.
- दोबारा चौथी गेंद (रन आउट): रबाडा ने सही गेंद डाली. नूर ने शॉट खेला और एक रन पूरा किया. लेकिन दूसरा रन लेने के चक्कर में फजलहक फारुकी रन आउट हो गए. चूंकि यह फ्री हिट वाली गेंद थी, इसलिए कैच या बोल्ड नहीं हो सकते थे, लेकिन रन आउट मान्य था. इस तरह अफगानिस्तान 187 पर ऑलआउट हुई और मैच टाई हो गया.
पहला सुपर ओवर
जब स्कोर फिर बराबर हुआ मैच टाई होने के बाद पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने बल्लेबाजी की.
- अजमत ने लुंगी एंगिडी के ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाकर 16 रन बटोरे. गुरबाज ने एक रन लिया. अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए.
- जवाब में साउथ अफ्रीका के लिए ब्रेविस ने पहली गेंद पर छक्का मारा लेकिन अगली गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद स्टब्स ने सूझबूझ दिखाई. आखिरी गेंद पर साउथ अफ्रीका को जीत के लिए बड़ा शॉट चाहिए था, स्टब्स ने छक्का लगाकर स्कोर बराबर कर दिया, लेकिन जीत नहीं पाए. मैच फिर टाई हो गया.
दूसरा सुपर ओवर
यह टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार था जब दो सुपर ओवर हो रहे थे. इस बार साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की और आक्रामक रुख अपनाया. अफ्रीकी बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान की गेंदबाज की धज्जियां उड़ाते हुए 23 रन जड़ दिए. अब अफगानी टीम को 24 रन के बड़े टारगेट का पीछा करना था.
आखिरी पल में गुरबाज की फाइट
24 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही. केशव महाराज ने दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी को आउट कर दिया. इसके बाद गुरबाज ने हार नहीं मानी और लगातार तीन छक्के जड़कर मैच में जान फूंक दी. आखिरी गेंद डालने के लिए आए महाराज ने बॉल वाइड करा दी. अब अफगानिस्तान को एक बॉल पर 5 रन की जरूरत थी. लेकिन आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में गुरबाज आउट हो गए और टीम 19 रन ही बना सकी. इस तरह डबल सुपर ओवर के बाद साउथ अफ्रीका ने 4 रन से मैच जीत लिया.
ये भी पढ़ें-
टी20 वर्ल्ड कप 2026: ये तो गजब हो गया! दो सुपर ओवर के बाद साउथ अफ्रीका ने 4 रन से मारी बाजी
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, मार्श बाहर, हेड संभाल रहे कमान
20 दिन में पलटा बांग्लादेश, वर्ल्ड कप से हटने के लिए अब खिलाड़ियों के सिर फोड़ा ठीकरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




