ePaper

IPL: आज एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश करेंगे RCB और Delhi Daredevils

Updated at : 07 Apr 2017 1:48 PM (IST)
विज्ञापन
IPL:  आज एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश करेंगे RCB और  Delhi Daredevils

बेंगलुरु : कुछ शीर्ष खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझ रही रायल चैलेंजर्स बेंगलूर और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें आईपीएल दस में आज यहां जब आमने सामने होंगी तो वे अपने मजबूत पक्षों के दम पर एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश करेंगी. कप्तान विराट कोहली और स्टार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स की […]

विज्ञापन

बेंगलुरु : कुछ शीर्ष खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझ रही रायल चैलेंजर्स बेंगलूर और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें आईपीएल दस में आज यहां जब आमने सामने होंगी तो वे अपने मजबूत पक्षों के दम पर एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश करेंगी. कप्तान विराट कोहली और स्टार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स की अनुपस्थिति में आरसीबी को पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 35 रन से हार का सामना करना पड़ा था.

कंधे की चोट से जूझ रहे कोहली कल के मैच में भी नहीं खेल पायेंगे जबकि पीठ दर्द से परेशान डिविलियर्स का खेलना भी संदिग्ध है. अगर वह अंतिम एकादश में जगह बनाने में सफल भी रहते हैं तब भी विकेटकीपिंग नहीं कर पाएंगे. डेयरडेविल्स की टीम टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही समस्याओं से जूझ रही है जिसके कारण उसे आईपीएल दस की सबसे कमजोर टीम माना जा रहा है. दक्षिण अफ्रीकी धुरंधर क्विंटन डिकाक और जेपी डुमिनी के हटने तथा श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज के शुरुआती मैचों से बाहर होने से उसकी बल्लेबाजी कमजोर हुई.

श्रेयस अय्यर भी बीमार होने के कारण कल के मैच में नहीं खेल पाएंगे. युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को भी अपने पिता की अचानक मौत के कारण घर लौटना पडा लेकिन उनके कल मैच शुरु होने से पहले टीम से जुडने की संभावना है. डेयरडेविल्स को ऐसे में अपने गेंदबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी जिसकी अगुवाई कप्तान जहीर खान करेंगे। उनके गेंदबाजी आक्रमण में कैगिसो रबादा और मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाज और अमित मिश्रा जैसा कुशल स्पिनर शामिल है.

क्रिस मौरिस, कोरे एंडरसन और कार्लोस ब्रेथवेट के रुप में टीम के पास तीन उपयोगी आलराउंडर हैं. लेकिन बल्लेबाजी डेयरडेविल्स का कमजोर पक्ष है. कुछ स्टार खिलाडियों के बाहर होने से सैम बिलिंग्स, करुण नायर, पंत और संजू सैमसन की जिम्मेदारी बढ गयी है. टाइमल मिल्स की अगुवाई वाला आरसीबी का गेंदबाजी आक्रमण डेयरडेविल्स की इस कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेगा. आरसीबी की हालांकि अपनी समस्याएं हैं. मिल्स ने सनराइजर्स के खिलाफ पिछले मैच में तेज गेंदबाजी के साथ अचानक धीमी गेंद करके बल्लेबाजों को चकमा देने की अपनी कला का अच्छा नमूना पेश किया था लेकिन दूसरे छोर से अनिकेत चौधरी, श्रीनाथ अरविंद और कार्यवाहक कप्तान शेन वाटसन रनों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे थे.

आरसीबी की गेंदबाजी अब भी काफी हद तक लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल पर निर्भर है जिन्होंने पिछले मैच में चार ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया था। केदार जाधव को विकेटकीपर की भूमिका निभानी पड रही और ऐसे में टीम को एक उपयोगी कामचलाउ स्पिनर की कमी खल रही है. डेयरडेविल्स के खिलाफ स्पिन विभाग मजबूत करने के लिये आरसीबी इकबाल अब्दुल्ला या सैमुअल बद्री को अंतिम एकादश में शामिल कर सकता है.

कोहली और डिविलियर्स की अनुपस्थिति में भी बल्लेबाजी आरसीबी का मजबूत पक्ष है लेकिन जीत के लिए जरुरी है कि उसका कोई बल्लेबाज एक छोर से लंबी पारी खेले. पिछले मैच में क्रिस गेल, मनदीप सिंह, ट्रेविस हेड, जाधव और वाटसन सभी ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वे इसे बडे स्कोर में नहीं बदल पाये जिससे बल्लेबाजी के लिये अनुकूल पिच पर टीम लक्ष्य से काफी पीछे रह गयी थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola